उमाशंकर शर्मा टोड़ारायसिंह।
पंचायतीराज चुनाव 2026 की ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए निवाई थाने में तैनात कांस्टेबल खुशीराम सांडीवाल का उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर भीलवाड़ा जिले में दो स्कॉर्पियो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में कांस्टेबल खुशीराम सांडीवाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए भीलवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी था। लेकिन रविवार देर रात उन्होंने जिंदगी की जंग हारते हुए अंतिम सांस ली।
कांस्टेबल खुशीराम सांडीवाल उपखण्ड के संवारिया गांव के निवासी थे और निवाई थाने में तैनात थे। चुनाव ड्यूटी के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे में उनके निधन से पुलिस महकमे में गहरा दुख व्याप्त है। निवाई डीएसपी रवि प्रकाश शर्मा, थानाधिकारी घासीराम मीणा सहित थाना स्टाफ ने दिवंगत कांस्टेबल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। कर्तव्य निर्वहन के दौरान एक जांबाज पुलिसकर्मी का यूं असमय चले जाना पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।
आवाज राजस्थान


