Ad imageAd image

गंगापुर सिटी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 147 किलो रंगयुक्त मिठाइयां मौके पर करवाई नष्ट

Mahesh Puri
3 Min Read

रिपोर्टर -:राकेश अग्रवाल


मिर्जापुर पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम, दीपावली के मद्देनजर लिए 6 खाद्य पदार्थों के नमूने, 3 दुकानदारों को जारी किए सुधार नोटिससवाई माधोपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गंगापुर सिटी के मिर्जापुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 147 किलोग्राम अधिक रंगयुक्त मिठाइयां मौके पर ही नष्ट करवाईं।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान, जयपुर तथा जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत टीम ने दुकानों पर बिक रही मिठाइयों की जांच की। इस दौरान अधिक मात्रा में रंग का उपयोग कर तैयार की गई इमरती, जलेबी और मोतीचूर के लड्डू सहित कुल 147 किलोग्राम मिठाइयां नष्ट करवाई गईं। वहीं ठेलों पर खुले में बिक रहे रंगयुक्त फ्रेंच फ्राइज को भी नष्ट करवाया गया।

जांच के दौरान कई दुकानों पर जलेबी, कचौरी एवं अन्य खाद्य सामग्री अखबार पर रखकर बेची जाती मिली। इस पर टीम ने हलवाइयों एवं दुकानदारों को अखबार पर खाद्य सामग्री नहीं रखने के लिए पाबंद किया। अधिकारियों ने समझाया कि अखबार की स्याही खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने से स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इस संबंध में कारोबारियों को सुधार के निर्देश भी दिए गए।

6 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान कुल 6 नमूने लिए। इनमें श्री बाबा मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, सैनी मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, गोविंद प्रसाद सैनी से मावा बर्फी, पूजा चाट भंडार से खीरमोहन, राकेश कुमार मुकेश कुमार से पोहा तथा मोनू चाट भंडार से इस्तेमाल किए जा रहे रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया।

सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक या असुरक्षित पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

3 कारोबारियों को जारी किए सुधार नोटिस

दुकानों पर साफ-सफाई एवं अन्य कमियां पाए जाने पर टीम ने मौके पर ही 3 खाद्य कारोबारकर्ताओं को सुधार नोटिस (Improvement Notice) जारी किए। साथ ही मिठाइयों में निर्धारित मानकों के अनुसार ही रंग का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि मुख्यालय सहित जिले के सभी ब्लॉकों में मिठाइयों की सैंपलिंग एवं निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, चंचल मीणा, ज्योति अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह राजपूत एवं राजेंद्र प्रसाद मीणा की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!