चंद्र पचरंगिया
चिड़ावा। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ अब गांव के विकास की नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे लोहिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक संदीप राव घरडाना खुर्द के सरपंच निर्वाचित हुए हैं। शिक्षक से जनप्रतिनिधि बने संदीप राव के सरपंच बनने पर सोमवार को लोहिया स्कूल परिसर में संस्था प्रधान एवं स्टाफ की ओर से उनका माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया।
स्वागत समारोह में संस्थान अध्यक्ष राम सिंह नेहरा ने कहा कि संदीप राव की मेहनत, लगन और समर्पण का ही परिणाम है कि उन्हें गांव की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि राव ने शिक्षक के रूप में विद्यालय के शैक्षणिक परिणाम को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब सरपंच के रूप में भी वे अपनी कार्यशैली और प्रयासों से गांव के विकास को नई दिशा देने का काम करेंगे।
संस्थान निदेशक जगपाल यादव ने कहा कि शिक्षक और जनप्रतिनिधि दोनों की जिम्मेदारियां महत्वपूर्ण हैं। संदीप राव को दोनों भूमिकाओं के बीच बेहतर तालमेल बनाकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। वहीं सरपंच एवं शिक्षक संदीप राव ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शिक्षक के रूप में बच्चों का भविष्य संवारना रहेगी। इसके साथ ही स्कूल समय के बाद समय निकालकर गांव के विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीणों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
समारोह में पार्षद अभय सिंह बडेसरा, संस्थान चेयरपर्सन ममता नेहरा, सचिव प्रदीप नेहरा, प्रधानाचार्या प्रमोदिनी दुबे, हिंदी माध्यम की प्रधानाचार्या प्रमिला झाझड़िया, पूरन सिंह गजराज, गुलजार खान सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


