Ad imageAd image

अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार अधिवेशन में झुंझुनूं की प्रतिभाओं का सम्मान, नेहा चौधरी को मिला स्टेट एवं इंटरनेशनल अवॉर्ड

Awaaz Rajasthan
2 Min Read

झुंझुनूं/चिड़ावा = नई दिल्ली के NDMC कन्वेंशन सेंटर में विश्व मानवाधिकार अनुसंधान परिषद (WHRRC) की ओर से अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार अधिवेशन 2026 का भव्य आयोजन किया गया। अधिवेशन में झुंझुनूं जिले की प्रतिभाओं ने अपनी उपलब्धियों से क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस दौरान प्रोफेसर बी.एड. कॉलेज से जुड़ी श्रीमती नेहा चौधरी को स्टेट एवं इंटरनेशनल मानवाधिकार अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वोच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति इंदिरा बैनर्जी ने किया। समारोह का आयोजन परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार योगी एवं राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष ललिता जेदिया के निर्देशन में हुआ। अधिवेशन में न्याय, शांति, मानव गरिमा, समानता, शिक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

वैश्विक शांति पर आयोजित प्रथम सत्र में भारत के पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त यशवर्धन सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. संदीप कुमार मारवाड़, यूनाइटेड किंगडम की अंतरराष्ट्रीय मीडिएटर डॉ. रेणुराज तथा आध्यात्मिक गुरु आचार्य डॉ. लोकेश मुनिजी शामिल रहे।

शिक्षा संबंधी सत्र में NCERT के पूर्व अध्यक्ष पद्मश्री जे.एस. राजपूत ने शिक्षा से जुड़े अधिनियमों एवं व्यवस्थाओं पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन दिल्ली सरकार की सचिव डॉ. रश्मि सिंह की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर WHRRC की ब्रांड एम्बेसडर करिश्मा हाड़ा ने सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई दी।

समारोह के अंतिम चरण में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। WHRRC की चेयरपर्सन ज्योति जोंगलुजू ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर झुंझुनूं जिले की नेहा चौधरी, जितेंद्र कुमार चंदेलिया, हरीश केडिया, ख्याति केडिया एवं शशि सैनी को सम्मानित किए जाने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। जिले के लोगों ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

डॉ. सी.एम. भारद्वाज, चिड़ावा।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!