Ad imageAd image

अब हर हुनर को मिलेगा काम, हर हाथ को रोजगार… महिला उद्यमिता को लेकर नगर परिषद ने बनाया रोडमैप

Mahesh Puri
11 Min Read

आवाज राजस्थान
ओमप्रकाश जेठवा व धर्मेंद्र कुमार सोनी बांसवाड़ा

– सभापति सुशीला गुप्ता का संकल्प : हर महिला के हाथ में हो काम, शहर में खुलेंगे प्रशिक्षण केंद्र; सिलाई-कढ़ाई, मेहंदी और ब्यूटी पार्लर सहित कई विधाओं में मिलेगा प्रशिक्षण

– पूर्व सभापति केके गुप्ता के कार्यकाल में 3 हजार महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण देने के मॉडल को फिर मिलेगी रफ्तार, शहर की अनुभवी उद्यमी महिलाएं जरूरतमंदों को देंगी निशुल्क प्रशिक्षण; 200 से अधिक महिलाओं के साथ संवाद कर तैयार किया आत्मनिर्भरता का रोडमैप

डूंगरपुर। अब डूंगरपुर की महिलाओं का हुनर केवल घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यही हुनर उनकी पहचान और कमाई का जरिया बनेगा। कोई महिला सिलाई-कढ़ाई में माहिर है तो किसी के हाथों में मेहंदी लगाने की कला है। कोई ब्यूटी पार्लर का काम जानती है तो किसी के पास लघु उद्योग शुरू करने का हुनर है। लेकिन संसाधनों, प्रशिक्षण और सही अवसरों के अभाव में कई महिलाएं अपनी प्रतिभा को रोजगार में नहीं बदल पातीं। अब ऐसी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नगर परिषद ने पहल शुरू की है। सभापति सुशीला गुप्ता का संकल्प है कि शहर की हर महिला के हाथ में काम हो और वह अपनी आमदनी के दम पर परिवार की आर्थिक मजबूती में भागीदार बने। इसके लिए नगर परिषद महिलाओं को उनकी रुचि और हुनर के अनुसार प्रशिक्षण दिलाने के साथ प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने की तैयारी कर रही है। शहर के भीतरी बाजार और बाहरी कॉलोनियों में ऐसे केंद्र खोलने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। खास बात यह होगी कि यहां प्रशिक्षण लेने वाली महिलाएं केवल हुनर सीख कर घर नहीं लौटेंगी, बल्कि उन्हें अपना काम शुरू करने और आगे दूसरी महिलाओं को रोजगार देने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। यानी नगर परिषद की यह पहल महिलाओं को रोजगार तलाशने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली उद्यमी बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी। शनिवार को नगर परिषद के सभागार में सभापति सुशीला गुप्ता ने शहर की 200 से अधिक महिलाओं के साथ बैठक कर महिला सशक्तिकरण को लेकर संवाद किया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही उद्यमी और हुनरमंद महिलाओं ने हिस्सा लिया। सभापति ने महिलाओं से उनके अनुभव जाने और शहर की जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार मूलक प्रशिक्षण देने की संभावनाओं पर चर्चा की। संवाद में शामिल कई विशेषज्ञ महिलाओं ने इस पहल में नगर परिषद का सहयोग करने और जरूरतमंद महिलाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देने की पेशकश भी की। इससे प्रशिक्षण के लिए अनुभवी लोगों का सहयोग मिल सकेगा और महिलाओं को अपने ही शहर में सीखने का अवसर मिलेगा।

सिर्फ हुनर सीखना नहीं, अपने पैरों पर खड़ा होना होगा लक्ष्य –

सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि उनका सपना है कि डूंगरपुर की प्रत्येक महिला आत्मनिर्भर बने। महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल महिलाओं को प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें इस काबिल बनाना है कि वे अपने हुनर से आमदनी अर्जित कर सकें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान भी उनकी मुलाकात ऐसी कई महिलाओं से हुई थी, जिनके पास हुनर तो था, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाया। अब नगर परिषद ऐसी महिलाओं की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराएगी। प्रयास रहेगा कि महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अपना व्यवसाय शुरू करें। जब एक महिला अपना काम शुरू करेगी तो वह आगे दूसरी महिलाओं को भी रोजगार दे सकेगी। इस तरह एक महिला की सफलता कई अन्य परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का माध्यम बनेगी।

3 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण देने वाला मॉडल फिर बनेगा आधार –

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की इस पहल में नगर परिषद के वर्ष 2015 से 2020 के कार्यकाल में हुए प्रयासों को भी फिर से आगे बढ़ाने की तैयारी है। सभापति ने पूर्व सभापति केके गुप्ता के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि उस दौरान आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण देने की पहल की गई थी। इस अभियान के तहत 3 हजार से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण से जोड़ा गया था। इनमें से कई महिलाएं आज अपने सिलाई केंद्र संचालित कर रही हैं और अपने हुनर के दम पर आमदनी अर्जित कर रही हैं। यह उदाहरण बताता है कि महिलाओं को सही प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे अपनी आर्थिक स्थिति बदल सकती हैं। सभापति ने कहा कि उन्नति सेवा संस्थान में भी महिलाओं के प्रशिक्षण की व्यवस्था जारी है। अब इसी तर्ज पर शहर की अधिक से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उद्देश्य रहेगा कि पहले से सफल रहे इस मॉडल को और व्यापक बनाया जाए तथा प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को आजीविका का स्थायी आधार उपलब्ध कराया जा सके।

मेहंदी, ब्यूटी पार्लर, सिलाई-कढ़ाई से लेकर लघु उद्योगों तक खुलेंगे अवसर

सभापति ने बताया कि नगर परिषद की योजना में महिलाओं की रुचि और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखकर अलग-अलग प्रशिक्षण सुविधा शामिल की जाएंगी। सिलाई-कढ़ाई, कपड़ों की डिजाइनिंग, मेहंदी, ब्यूटी पार्लर और अन्य छोटे व्यवसायों से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैठक में शामिल उद्यमी महिलाओं ने बताया कि वे अपने अनुभव के आधार पर जरूरतमंद महिलाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देने में सहयोग कर सकती हैं। इससे नई महिलाओं को काम सीखने के साथ व्यावहारिक जानकारी भी मिलेगी। प्रशिक्षण के दौरान यह भी समझाया जा सकेगा कि किसी छोटे व्यवसाय की शुरुआत कैसे करें, ग्राहकों तक कैसे पहुंचे और अपने काम को आगे कैसे बढ़ाएं। नगर परिषद की कोशिश होगी कि प्रशिक्षण के बाद महिलाएं अपने घर से ही काम शुरू कर सकें या समूह बनाकर लघु उद्योग स्थापित कर सकें।

एक महिला का व्यवसाय बनेगा दूसरी महिलाओं के रोजगार का जरिया –

सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि इस पहल का सबसे महत्वपूर्ण पहलू महिलाओं को एक-दूसरे के लिए रोजगार का माध्यम बनाना है। उदाहरण के तौर पर सिलाई का प्रशिक्षण लेकर अपना केंद्र शुरू करने वाली महिला आगे दूसरी महिलाओं को भी अपने साथ जोड़ सकती है। इसी तरह ब्यूटी पार्लर और मेहंदी के क्षेत्र में काम शुरू करने वाली महिलाएं अन्य जरूरतमंद महिलाओं को प्रशिक्षण और रोजगार दे सकती हैं। छोटे स्तर पर शुरू हुआ व्यवसाय आगे चलकर एक समूह या लघु उद्योग का रूप ले सकता है। इससे महिलाओं को घर के नजदीक काम करने का अवसर मिलेगा और उन्हें रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। सभापति का प्रयास है कि शहर में महिलाओं का ऐसा नेटवर्क तैयार हो, जिसमें अनुभवी महिलाएं नई महिलाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करें। इससे महिला आत्मनिर्भरता की पहल केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि रोजगार की नई श्रृंखला बन सकेगी।

प्रशिक्षण केंद्रों के साथ सरकारी योजनाओं से भी जोड़ेंगी महिलाएं –

सभापति ने बैठक में महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि स्वरोजगार शुरू करने वाली पात्र महिलाओं और छोटे कारोबारियों को पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं के माध्यम से बैंक ऋण का लाभ मिल सकता है। वहीं पीएम सूर्य घर योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ता घरों पर सोलर लगवाकर बिजली खर्च में राहत पा सकते हैं। सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के भविष्य के लिए बचत का अवसर देती है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना पात्र परिवारों को आवास संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित है। सभापति ने कहा कि नगर परिषद घर-घर संपर्क कर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनसे जोड़ने का प्रयास कर रही है। महिलाओं से भी अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को इन योजनाओं के प्रति जागरूक करें।

स्वच्छता अभियान में भी महिलाओं की भागीदारी पर जोर –

महिला सशक्तिकरण के साथ सभापति ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महिलाओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि घर और परिवार को संभालने वाली महिलाएं शहर की स्वच्छता में भी बड़ी भागीदारी निभा सकती हैं। नगर परिषद के आठवें बोर्ड ने स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए कचरा फैलाने वालों पर जुर्माने और निगरानी के लिए कैमरे लगाने जैसे कदम उठाए हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि घरों और दुकानों का कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय नगर परिषद की कचरा संग्रहण गाड़ी में ही डालें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। स्वच्छता या अन्य नागरिक समस्याओं के लिए नगर परिषद के शिकायत नंबर पर सूचना दें।

आठवां बोर्ड महिला आत्मनिर्भरता को देगा नई दिशा –

सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि नगर परिषद का आठवां बोर्ड महिला सशक्तिकरण को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि शहर के विकास की महत्वपूर्ण प्राथमिकता के रूप में आगे बढ़ाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि शहर की कोई भी हुनरमंद महिला अवसरों के अभाव में पीछे न रहे। महिलाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि डूंगरपुर की महिलाएं अपने हुनर से खुद की पहचान बनाएंगी और दूसरी महिलाओं के लिए भी रोजगार के रास्ते खोलेंगी। बैठक में पार्षद माया सुथार, लक्ष्मी सेवक, हंसा दर्जी, माया ननोमा, नीता सोमपुरा, वर्षा चौबीसा, बीना लबाना, नगर परिषद की उर्वशी श्रीमाल, सारिका यादव सहित महिला पार्षद, उद्यमी महिलाएं और नगर परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!