रिपोर्टर ओम प्रकाश जेठवा
डूंगरपुर। स्वच्छता की आदत घर से शुरू होती है और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी हर परिवार तक पहुंचना जरूरी है। इसी सोच के साथ नगर परिषद सभापति सुशीला गुप्ता ने शनिवार को भीतरी शहर स्थित आस्था पब्लिक स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों को स्वच्छता के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर परिषद की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है। बच्चे अपने घर, मोहल्ले और आसपास स्वच्छता बनाए रखने में योगदान दें। साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी अपने अभिभावकों तक पहुंचाएं, ताकि पात्र परिवार इनका लाभ उठा सकें। स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य कलीम सहित शिक्षकों ने सभापति का स्वागत किया। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद शैलेश मेहता, नीलकमल सोलंकी और हेतल श्रीमाल मंच पर मौजूद रहीं। संचालन सोनल श्रीमाल ने किया।
बच्चे बदलेंगे शहर की तस्वीर, घर से शुरू करेंगे स्वच्छता की पहल –
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि डूंगरपुर को स्वच्छता के नाम से पूरे देश में पहचान मिली है। अब नगर परिषद शहर को फिर से स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। लेकिन इस अभियान को सफल बनाने के लिए बच्चों की भागीदारी भी जरूरी है। बच्चे कचरा इधर-उधर नहीं डालें, गीले और सूखे कचरे को अलग रखें, सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल शहर की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसलिए छोटी उम्र से ही स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की आदत विकसित करना जरूरी है।
सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर अभिभावकों को करेंगे जागरूक –
सभापति ने बच्चों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की कई योजनाएं आम परिवारों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों और बेटियों के भविष्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में पात्र लोग इनका लाभ नहीं ले पाते। उन्होंने विद्यार्थियों को योजनाओं के पेम्पलेट वितरित करते हुए कहा कि वे घर जाकर अपने माता-पिता को इनके बारे में बताएं। शिक्षक भी अभिभावकों से संवाद कर उन्हें योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
छोटे व्यापारियों से लेकर बेटियों के भविष्य तक, इन योजनाओं की दी जानकारी –
पीएम स्वनिधि योजना :- रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने के लिए बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने की योजना है। समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज सब्सिडी और अन्य प्रोत्साहन का प्रावधान भी है।
पीएम सूर्य घर योजना :- घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को सरकारी सब्सिडी दी जाती है। इससे बिजली के बिल में बचत और सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है।
पीएम आवास योजना :- पात्र शहरी परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाती है।
सुकन्या समृद्धि योजना :- बेटियों के भविष्य के लिए बचत को प्रोत्साहित करने वाली योजना है। 10 वर्ष से कम आयु की बालिका के नाम अभिभावक खाता खुलवा कर उसकी शिक्षा और भविष्य के लिए धनराशि जमा कर सकते हैं।
500 से अधिक लोगों का रजिस्ट्रेशन, घर-घर पहुंच रही नगर परिषद की टीम –

सभापति ने बताया कि नगर परिषद की टीम इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए घर-घर संपर्क कर रही है। अब तक 500 से अधिक लोगों का रजिस्ट्रेशन कराया जा चुका है। जल्द ही पात्र लोगों को संबंधित योजनाओं से जोड़कर लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों के माध्यम से अभिभावकों तक जानकारी पहुंचने से इस अभियान को और गति मिलेगी।
पूर्व सभापति के कार्यकाल के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास –
सभापति ने कहा कि वर्ष 2015 से 2020 के बीच पूर्व सभापति केके गुप्ता के कार्यकाल में शहर में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए, जिनकी पहचान आज भी कायम है। अब उन्हीं कार्यों को आगे बढ़ाते हुए नया और सुंदर डूंगरपुर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उच्च अधिकारी बनकर शहर का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य कलीम ने कहा कि पूर्व सभापति केके गुप्ता ने स्वच्छता के माध्यम से डूंगरपुर को नई पहचान दिलाई थी। अब सभापति सुशीला गुप्ता भी इसी दिशा में कार्य कर रही हैं। शहर में नई सड़कों, साफ-सफाई और सुंदरता को लेकर किए जा रहे कार्यों में बदलाव दिखाई दे रहा है। कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सभापति ने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और शहर के विकास एवं सुंदरता को लेकर उनके सुझाव भी जाने।




