रिपोर्टर -: राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर। मानटाउन थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुख्यात स्मैक विक्रेता को स्मैक सप्लाई करने वाले आरोपी को बारां जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को महज दो दिन में गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी (आईपीएस) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल एवं शहर पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र कुमार के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 31 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण संख्या 206/2026 में आरोपी संदीप कुमार (26) पुत्र परमानंद मीना निवासी लाडपुरा, थाना छीपा बड़ौद, जिला बारां को गिरफ्तार किया।
कुख्यात स्मैक विक्रेता को करता था सप्लाई
पुलिस के अनुसार 30 अक्टूबर 2026 को कुण्डेरा थाना पुलिस ने उलियाणा निवासी जसराम उर्फ झब्बू मीना (35) को अवैध मादक पदार्थ स्मैक के मामले में गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान जसराम ने संदीप कुमार से स्मैक लाकर बेचना बताया। इसके बाद मानटाउन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदीप को बारां जिले के लाडपुरा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से स्मैक की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क को लेकर गहनता से पूछताछ एवं अनुसंधान कर रही है।


