गंगापुर = नगर पालिका गंगापुर की ओर से आयोजित सात दिवसीय विशाल मेले का रविवार को उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ भव्य समापन हुआ। सात दिनों तक चले इस मेले में मनोरंजन, खरीदारी, व्यापार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनूठा संगम देखने को मिला। गंगापुर सहित आसपास के 25 से 30 किलोमीटर क्षेत्र के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे।
मेले में लगी विभिन्न प्रकार की दुकानें, झूले, डॉलर चकरी और मनोरंजन के साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। शाम होते ही मेला परिसर में मेलार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ती थी। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने परिवार सहित मेले का आनंद लिया और जमकर खरीदारी की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
मेले के दौरान नगर पालिका की ओर से प्रतिदिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। 27 अक्टूबर को स्थानीय कलाकारों ने राजस्थानी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। 28 अक्टूबर को आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में तारक मेहता का उल्टा चश्मा की कलाकार बावरी यानी मोनिका भदौरिया ने शानदार प्रस्तुति दी। 29 अक्टूबर को प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा एवं रतन राव की भजन संध्या में श्रद्धालु भजनों पर झूम उठे।
30 अक्टूबर को राजस्थानी लोक गायक एवं रैपर रैपरिया बालम की प्रस्तुति ने युवाओं में खासा उत्साह पैदा किया। वहीं 31 अक्टूबर को विनीत चौहान, सुनील व्यास, राजकुमार बादल, पूनम वर्मा, दीपक पारीक, पार्थ नवीन, बद्री बसंत एवं मूमल राजगोपाल की सहभागिता से कवि सम्मेलन आयोजित हुआ। हास्य, व्यंग्य और काव्य की शानदार प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।
मेला भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक
समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि गंगापुर का विशाल मेला केवल मनोरंजन और व्यापार का आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मेल-मिलाप का द्योतक है। पंचायत चुनाव के बावजूद मेले में उमड़ी भारी भीड़ इसकी लोकप्रियता को दर्शाती है। उन्होंने आगामी वर्षों में मेले को और अधिक भव्य बनाने तथा दुकानदारों, झूला संचालकों एवं मेलार्थियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया।
दुकानदारों की मांग पर एक दिन बढ़ाई मेले की अवधि
दुकानदारों की विशेष मांग को देखते हुए नगर पालिका मंडल ने मेले की अवधि एक दिन और बढ़ाई। इससे दुकानदारों के साथ-साथ मेलार्थियों में भी उत्साह देखने को मिला। मेले के दौरान बिजली, पानी और सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए गए।
पालिका मंडल के प्रयासों की सराहना
मेले के सफल आयोजन पर अतिथियों एवं नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति लखन काकाणी, उपाध्यक्ष रश्मि चौहान और समस्त पार्षदों के प्रयासों की सराहना की। गौरतलब है कि विभिन्न प्रशासनिक परिस्थितियों के चलते इस वर्ष मेले का आयोजन आसान नहीं था। इसके बावजूद पालिका मंडल ने लगातार प्रयास करते हुए अधिशासी अधिकारी, उपखंड अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठकें कर मेले के आयोजन की मांग रखी। आखिरकार पालिका मंडल के प्रयासों से गंगापुर में विशाल मेले का सफल आयोजन संभव हो सका।
जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
समापन समारोह में पार्षद रामप्रसाद माली, प्रशांत कसारा, नवरत्न बेरवा, भोलाराम माली, कांग्रेस नेता शंकरलाल जाट, श्यामलाल पुरोहित, मुकेश चंदेल, लखन काकाणी, बालकिशन चंदेल, बंसीलाल रेगर, जगदीश चंद्र जाट, गहरीलाल जाट, रामकिशन अग्रवाल, भगवत सिंह, दिनेश चंद्र तेली, धर्मेंद्र गहलोत, गजेंद्र माली, विजय चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारी, दुकानदार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गंगापुर का विशाल मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण आयोजन है। आगामी वर्षों में इसे और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के साथ आमजन और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। सात दिनों तक उत्सव और उल्लास से सराबोर रहा गंगापुर का विशाल मेला सुखद यादों के साथ संपन्न हुआ।
भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है मेला: राजेंद्र त्रिवेदी
Leave a comment
Leave a comment


