Ad imageAd image

भीलवाड़ा में 1 से 10 जनवरी तक लगेगा अखिल भारतीय स्वदेशी मेला, देशभर से जुटेंगी 700 से अधिक स्टॉल

Awaaz Rajasthan
4 Min Read

भीलवाड़ा = अखिल भारतीय स्वदेशी मेला आयोजन समिति, भीलवाड़ा की ओर से रविवार को होटल पीएफसी, आजाद नगर में आगामी स्वदेशी मेले की विवरणिका का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में मेले की तैयारियों और आगामी आयोजन की रूपरेखा की घोषणा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में देश तकनीकी उन्नयन के साथ तेजी से विकास कर रहा है। ऐसे में स्वदेशी आंदोलन को भी तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने की आवश्यकता है। आगामी मेले में टेक्नोलॉजी एवं डिफेंस क्षेत्र से संबंधित स्टॉल लगाई जानी चाहिए, ताकि युवा एवं विद्यार्थी नवीनतम तकनीकों से परिचित हो सकें और नवाचार तथा आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित हों। उन्होंने दत्तोपंत ठेंगड़ी के संगठन कौशल एवं स्वदेशी चिंतनधारा को आज भी प्रासंगिक बताया।

निम्बार्क आश्रम के महंत मोहनशरण शास्त्री ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच जिस पुनीत उद्देश्य को लेकर कार्य कर रहा है, उसमें समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने सभी समाजबंधुओं से तन-मन-धन से सहयोग कर मेले को सफल बनाने का आह्वान किया। वहीं पंचमुखी दरबार के संत लक्ष्मणदास महाराज के प्रतिनिधि परमेश्वर जी महाराज ने मेले के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।

1 से 10 जनवरी तक होगा भव्य आयोजन

मेला संयोजक डॉ. राजकुमार चतुर्वेदी ने बताया कि भीलवाड़ा में अखिल भारतीय स्तर का भव्य स्वदेशी मेला आयोजित किया जाएगा। समिति के सचिव सुनील सोमानि ने जानकारी दी कि मेला 1 जनवरी से 10 जनवरी 2027 तक मेडिसिटी ग्राउंड, आजाद नगर, भीलवाड़ा में आयोजित होगा। इसमें देशभर से 700 से अधिक स्टॉल लगाई जाएंगी। इन स्टॉलों पर स्वदेशी उत्पादों, लघु एवं कुटीर उद्योगों, उद्यमिता, तकनीकी नवाचार और भारतीय परंपरागत उत्पादों को प्रमुखता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि मेले के उद्घाटन समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय वसंतराव होसबाले मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता त्रिलोकचंद छाबड़ा करेंगे तथा स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

दस दिन तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम और संगोष्ठियां

मेले के दस दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन विभिन्न विषयों पर संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही भारतीय संस्कृति, कला, साहित्य एवं परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। मेले का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना, स्थानीय उद्यमियों एवं व्यापारियों को मंच उपलब्ध करवाना, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना तथा आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम का संचालन मेला समन्वयक डॉ. देवीलाल साहू ने किया। इस अवसर पर डॉ. रोशनलाल पिपलिया, महेश नवल, डॉ. भगवतीलाल जगतिया, राजन गहलोत, अजय दादा, रवि कोली, जानकी माली, श्यामसुंदर डोलिया, दुर्गालाल सोनी, रेखा सिंगलिया, अंजना जगतिया, ललिता मीणा, प्रीति एवं भावना सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बनवारीलाल सोनी, रोशनलाल तोतला, डॉ. कास्ट, डॉ. नागर, गणेश प्रजापत एवं सत्यनारायण वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में जिला संयोजक ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, मातृशक्ति एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!