भीलवाड़ा = दीपावली पर्व से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में अभियान तेज कर दिया है। रविवार को विभाग की टीम ने हरनी गांव स्थित राजश्री गृह उद्योग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2520 किलोग्राम केरी का अचार सीज किया। टीम ने अचार का नमूना लेकर प्रतिष्ठान संचालक को आवश्यक सुधार के लिए नोटिस भी जारी किया।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधड़ास चौराहा स्थित कैक एंड फैक्ट्री से चॉकलेट ट्रफल केक का नमूना लिया गया। यहां भी प्रतिष्ठान संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार को भी शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। चित्तौड़ रोड स्थित श्री सांवरिया तेल घानी से सरसों का तेल, मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर, वार्ड नंबर 9 स्थित बांकियारानी मिष्ठान भंडार से रसगुल्ले, वार्ड नंबर 18 स्थित लक्ष्मी किराना स्टोर से घी तथा बापू बाजार स्थित महालक्ष्मी मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी का नमूना लिया गया।
दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए। विभाग की ओर से संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस भी जारी किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज कुमार मीणा, कुलदीप चौधरी एवं संजय वर्मा मौजूद रहे।
मिलावट की सूचना कंट्रोल रूम पर दें
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि जिले में कहीं भी खाद्य पदार्थों में मिलावट या संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी मिलने पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



