टोडारायसिंह क्षेत्र के ग्राम सनोदिया स्थित श्री जस्सनाथ बाबा समाधि स्थल मंडी आश्रम में रविवार को कलश एवं शोभायात्रा के साथ श्रीराम कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के तहत चारभुजानाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा रवाना हुई। यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए मंडी आश्रम पहुंची। इस दौरान नासिरदा एवं सनोदिया के रामधुनी मंडलों ने संकीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आश्रम परिसर में विधिवत कलश स्थापना के बाद सिंगोली श्याम (भीलवाड़ा) के कथावाचक बालकदास महाराज ने श्रीराम कथा का वाचन प्रारंभ किया। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के त्याग, मर्यादा, सत्य, धर्म और आदर्श जीवन से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया गया। महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन समाज को संस्कार, कर्तव्यनिष्ठा और पारिवारिक मूल्यों का संदेश देता है। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज में सद्भाव और नैतिकता को बढ़ावा दिया जा सकता है।
आयोजन कैलाशपुरी महाराज के सानिध्य में हो रहा है। इस अवसर पर कैलाश गिरी महाराज सहित अन्य संत-महात्माओं का सानिध्य रहा। धार्मिक आयोजन से क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।



