Ad imageAd image

पत्थरों पर उकेर रहे तकदीर, मूर्तिकला से अलावड़ा ने देशभर में बनाई खास पहचान

Awaaz Rajasthan
4 Min Read

रमेश कुमार | संवाददाता, अलावड़ा (रामगढ़, अलवर)

अलावड़ा = पत्थरों को तराशकर उनमें जान डालने की कला और अपनी मेहनत के दम पर अलावड़ा गांव के कारीगर न केवल अपनी तकदीर संवार रहे हैं, बल्कि देशभर में क्षेत्र का नाम भी रोशन कर रहे हैं। पीढ़ियों से चली आ रही मूर्तिकला की यह परंपरा आज गांव की पहचान बन चुकी है। दिवाली का पर्व नजदीक आने के साथ ही मूर्तियों की खरीदारी को लेकर बाजार में भी रौनक बढ़ने लगी है।

कारीगर घनश्याम शर्मा और श्रीलाल शर्मा ने बताया कि अलावड़ा की मूर्तिकला ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। यहां तैयार होने वाली मूर्तियां प्रदेश के विभिन्न मंदिरों, शहीद स्मारकों और धार्मिक स्थलों की शोभा बढ़ा रही हैं। राजस्थान के अलावा जयपुर, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, हरिद्वार और उत्तराखंड सहित देश के कई राज्यों में यहां की मूर्तियों की मांग रहती है।

गांव के 150 से अधिक लोग सीधे कारोबार से जुड़े

करीब 15 हजार की आबादी वाले अलावड़ा गांव में 8 से 10 मूर्तियों की दुकानें हैं। गांव का हर चौथा व्यक्ति प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस कारोबार से जुड़ा हुआ है। लगभग 150 से अधिक लोग सीधे तौर पर मूर्तिकला के व्यवसाय में काम कर रहे हैं। यहां छोटी-बड़ी हर प्रकार की मूर्तियां उपलब्ध हैं। दिवाली के अवसर पर घरों, प्रतिष्ठानों और मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाओं की मांग बढ़ जाती है।

पीढ़ियों से मिल रहा हुनर, मशीनों ने बदला काम का तरीका

मूर्तिकला का कारोबार वर्षों से पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ रहा है। बुजुर्गों से मिले हुनर को नई पीढ़ी के युवा भी पूरी लगन से आगे बढ़ा रहे हैं। पहले कारीगर हथौड़ी और छेनी से घंटों मेहनत कर पत्थरों को मूर्ति का आकार देते थे, लेकिन अब आधुनिक मशीनों का उपयोग भी होने लगा है। इससे काम में तेजी आई है, हालांकि मूर्तियों की बारीक नक्काशी और अंतिम रूप देने में आज भी कारीगरों के अनुभव और हाथों के हुनर की महत्वपूर्ण भूमिका है।

ऑर्डर पर भी तैयार होती हैं मनपसंद प्रतिमाएं

मोंटी शर्मा और हरियत शर्मा ने बताया कि ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार देवी-देवताओं, महापुरुषों और अन्य प्रतिमाओं का ऑर्डर भी दे सकते हैं। एक पत्थर को मूर्ति का आकार देने से लेकर उसे अंतिम रूप देने तक सामान्यतः 10 से 15 दिन का समय लगता है। बड़ी मूर्तियों को तैयार करने में इससे अधिक समय भी लग सकता है। पत्थर के चयन, कटाई, तराशने, बारीक नक्काशी और रंग भरने तक प्रत्येक चरण में विशेष मेहनत की जाती है। छोटे स्तर से शुरू हुआ यह कारोबार आज लाखों रुपये के सालाना टर्नओवर तक पहुंच चुका है।

बिजली, पत्थर और मशीनों की लागत बनी चुनौती

कारीगरों के सामने बिजली की समस्या, अच्छी गुणवत्ता के पत्थर की उपलब्धता, आधुनिक मशीनों का खर्च और बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा जैसी चुनौतियां हैं। कारीगरों का कहना है कि इस पारंपरिक कला को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर आर्थिक सहायता, आधुनिक मशीनें, प्रशिक्षण, बेहतर बिजली व्यवस्था और बाजार उपलब्ध करवाने की जरूरत है।

पर्यटन और रोजगार का बड़ा केंद्र बन सकता है अलावड़ा

यदि अलावड़ा की मूर्तिकला को सरकारी संरक्षण और उचित प्रोत्साहन मिले तो यह गांव भविष्य में मूर्तिकला के बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है। इससे स्थानीय कारीगरों के साथ आसपास के गांवों के युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। जरूरत है कि पीढ़ियों से चली आ रही इस कला को केवल कारोबार तक सीमित न रखकर क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के रूप में भी पहचान दिलाई जाए। पत्थरों को तराशकर अपनी तकदीर लिख रहे अलावड़ा के कारीगरों का हुनर आज देशभर में अपनी छाप छोड़ रहा है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!