रिपोर्टर -: तरणदीप सिंह टुटेजा
माटी की महक, देश का स्वाभिमान’ के संकल्प के साथ दीपावली पर कुम्हारों के उत्पाद खरीदने की अपील, लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने का किया आह्वान
मसूदा। दीपावली के पावन पर्व को लेकर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और पारंपरिक कारीगरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मसूदा विधायक श्री वीरेंद्र सिंह कानावत ने अनूठी पहल की। विधायक कानावत ने स्वयं कुम्हार के चाक पर बैठकर मिट्टी का दीपक बनाया और आमजन को स्वदेशी अपनाने तथा स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि मिट्टी के दीपक हमारी भारतीय संस्कृति, परंपरा और आत्मनिर्भरता के प्रतीक हैं। दीपावली का पर्व केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि हमारे पारंपरिक कारीगरों के जीवन में खुशियां लाने का भी अवसर है। उन्होंने आमजन से अपील की कि इस दीपावली पर स्थानीय कुम्हार भाइयों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीपक खरीदकर उनका सहयोग करें।
उन्होंने ‘लोकल फॉर वोकल’ के संकल्प को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीद से कारीगरों को रोजगार मिलेगा और उनकी पारंपरिक कला एवं संस्कृति को भी संरक्षण मिलेगा।
विधायक की इस पहल के माध्यम से आमजन को संदेश दिया गया कि इस दीपावली पर विदेशी लाइटों के स्थान पर मिट्टी के पारंपरिक दीये जलाएं और स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर स्थानीय कारीगरों के चेहरों पर भी खुशियों का उजाला फैलाएं।
आवाज राजस्थान


