पाली |रिपोर्टर-घेवरचन्द आर्य।
नगर निगम पाली की महापौर नमिता विकास बुबकिया ने शुक्रवार देर रात ट्रांसपोर्ट नगर का दौरा कर वार्ड में चल रहे विशेष सफाई अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, रोड लाइट और सड़कों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने क्षेत्र में उगी कंटीली झाड़ियों की कटाई और सफाई कार्य का अवलोकन किया। साथ ही वार्ड में लंबे समय से बंद पड़ी रोड लाइटों को दुरुस्त करवाया गया। कुछ स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की आवश्यकता को देखते हुए संबंधित ठेकेदार को चार से पांच नई रोड लाइट लगाने के निर्देश दिए, ताकि रात के समय आवागमन करने वाले लोगों और व्यापारियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
खस्ताहाल सड़कों की समस्या पर भी लिया संज्ञान
महापौर नमिता विकास बुबकिया ने ट्रांसपोर्ट नगर की खस्ताहाल सड़कों की स्थिति पर भी गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने क्षेत्र की सड़कों में जल्द सुधार करवाने का भरोसा दिलाया। इससे स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

ट्रांसपोर्ट नगर एसोसिएशन ने उठाई थीं समस्याएं
गौरतलब है कि पिछले दिनों ट्रांसपोर्ट नगर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने महापौर को क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, रोड लाइट और सड़कों से जुड़ी समस्याओं से अवगत करवाया था। इसके बाद नगर निगम की ओर से विशेष अभियान शुरू कर सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: महापौर
महापौर ने कहा कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार बनाए रखने के निर्देश दिए।


