सवाई माधोपुर |रिपोर्टर – राकेश अग्रवाल
दीपावली पर्व से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सवाई माधोपुर जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बजरिया, सिटी, खेरदा एवं छान क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों सहित कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान जयपुर तथा जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
मावे की मिठाइयों पर विशेष नजर
दीपावली के नजदीक आते ही बाजारों में मावे से बनी मिठाइयों की मांग बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण किया। इस दौरान हलवाइयों को मिठाइयों में निर्धारित मानकों से अधिक रंगों का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता बनाए रखने के लिए पाबंद किया गया।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
कार्रवाई के दौरान टीम ने कोटा कचौरी मिष्ठान भंडार, बंबोरी चौराहा खेरदा, लक्ष्मी मिष्ठान भंडार सिटी, बंसल स्वीट्स होम बजरिया तथा छान स्थित प्रतिष्ठान से मावे की मिठाइयों के नमूने लिए। इसके अलावा गर्ग किराना बेरावंडा से मिर्च पाउडर और गौतम मिष्ठान भंडार से रबड़ी का नमूना लिया गया। अन्य प्रतिष्ठानों से भी खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक या असुरक्षित पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया, ज्योति अग्रवाल, नितेश गौतम, चंचल मीणा एवं वीरेंद्र सिंह राजपूत शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर्व तक मिलावटखोरों के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठान संचालकों में सतर्कता बढ़ गई है।
दीपावली से पहले सवाई माधोपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिठाई सहित 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
बजरिया, सिटी, खेरदा और छान क्षेत्र में प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण, मावे की मिठाइयों से लेकर रबड़ी और मिर्च पाउडर तक की होगी जांच
Leave a comment
Leave a comment


