आसीन्द सवांददाता विजयपाल सिंह राठौड़
आसींद = दीपावली के पर्व पर आसींद शहर इस बार रोशनी की भव्य छटा से जगमगा उठा है। नगर पालिका की ओर से शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और मंदिरों को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जा रहा है। दीपोत्सव से पहले ही शहर की बदली तस्वीर लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
नगर पालिका अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह चौहान की पहल पर ब्यावर चुंगी नाका से पंचायत समिति रोड, महाराणा प्रताप सर्कल, उपरली हवेली, बड़ा मंदिर चौराहा, गांधी चौक और पुलिस चौकी तक विशेष लाइटिंग एवं सजावट की गई है। पूरे मार्ग पर जगमगाती रोशनी से दीपावली की रौनक देखते ही बन रही है।
पंचायत समिति चौराहे स्थित महाराणा प्रताप सर्कल को विशेष रूप से आकर्षक रूप दिया गया है। वहीं ऐतिहासिक श्री लक्ष्मीनारायण बड़ा मंदिर भी रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा है। मंदिर की भव्य सजावट देखने के लिए शाम होते ही लोगों की आवाजाही बढ़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आसींद में इतने व्यापक स्तर पर और दीपावली से पहले इतनी भव्य विद्युत सजावट पहली बार देखने को मिल रही है। प्रमुख बाजारों और मार्गों पर रोशनी से पूरा शहर दीपोत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है।
व्यवस्थाओं का खुद जायजा ले रहे चौहान
दीपावली की तैयारियों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह चौहान स्वयं पार्षदों के साथ मैदान में डटे हुए हैं। वे एक-एक मार्ग, चौराहे और प्रमुख स्थान का मौका मुआयना कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। नगर पालिका की ओर से सजावट के साथ-साथ साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और पार्किंग को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
चौहान ने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों के साथ सभी मुख्य मंदिरों पर विशेष रोशनी की व्यवस्था की गई है। प्रयास है कि दीपावली पर आसींद की रौनक ऐतिहासिक और यादगार बने तथा शहरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों को उत्सव का बेहतर माहौल मिले।
जगमगाती लाइटों से सजा शहर, रोशन मंदिर और सजे बाजार इस बार आसींद की दीपावली को खास बना रहे हैं।
दीपावली पर रोशनी से जगमगाया आसींद
चूंगी नाका से गांधी चौक तक भव्य विद्युत सजावट, चेयरमैन सत्येंद्र सिंह चौहान ने पार्षदों संग संभाला मोर्चा
Leave a comment
Leave a comment


