भीलवाड़ा = लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को भीलवाड़ा में राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।
कार्यक्रम के तहत जिला कलेक्ट्रेट परिसर से सांसद दामोदर अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रन फॉर यूनिटी रैली को रवाना किया। रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए पुलिस लाइन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली रवाना होने से पूर्व सांसद अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि रन फॉर यूनिटी का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन में राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने सरदार पटेल को नमन करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कर्मठता के चलते आजादी के बाद देश की विभिन्न रियासतों के एकीकरण का ऐतिहासिक कार्य संभव हो सका। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नोडल अधिकारी चन्द्रभान सिंह भाटी, जिला खेल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी हेमेन्द्र सिंह राणावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, युवा और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



