मसूदा | रिपोर्टर – तरनदीप सिंह टुटेजा।
पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) एवं उपखंड अधिकारी मसूदा दीपशिखा कालवी ने उपखंड क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपखंड अधिकारी ने ग्राम पंचायत सालरमाला, मानपुरा, चावंडिया, देवमगरी, जामोला, सतावड़िया, किराप एवं मायला के बूथों और मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा आवागमन के मार्गों की स्थिति का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उप अधीक्षक वृत्त मसूदा शिवराज सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उपखंड अधिकारी दीपशिखा कालवी ने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, रैंप, शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए भी निर्देशित किया।
प्रशासन की ओर से पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पंचायत चुनाव 2026: मसूदा में मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण, एसडीएम दीपशिखा कालवी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Leave a comment
Leave a comment


