रिपोर्ट-:अशरफ मोहम्मद
मोखुंदा रायपुर स्थानीय ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच मुकेश सोनी ने सैकड़ों ग्रामीणों और क्षेत्र के प्रमुख प्रबुद्धजनों की गरिमामयी मतदान में ऐतिहासिक जीत हासिल की।
मतगणना के दौरान उपस्थित जनसैलाब ने सरपंच मुकेश सोनी का माला पहनाकर व नव निर्वाचित वार्ड पंचो को साफा बांधकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस विशेष अवसर पर पूर्व सरपंच गोपाल सोनी , जीएसएस अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश जैन, पारस मल टेलर,पूर्व मंडल अध्यक्ष शांति लाल पोखरना एवं नवनिर्वाचित उप सरपंच अनिल कुमार शर्मा, व नवनिर्वाचित वार्ड पंच सहित सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में हिस्सा लेकर नवनिर्वाचित सरपंच को नए कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सरपंच मुकेश सोनी ने गांव के चहुंमुखी विकास का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता दी जाएगी।
सरपंच सोनी ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत मोखुंदा में निम्नलिखित कार्यों को प्रमुखता से पूरा किया जाएगा जिसमें।
1. पेयजल व्यवस्थाः गांव के हर घर तक स्वच्छ और नियमित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना।
2. स्वच्छता व सफाईः कचरा प्रबंधन को दुरुस्त कर पूरे पंचायत क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाना।
3. रोड लाइटः ग्रामीण सड़कों और सार्वजनिक चौराहों पर बेहतर रोशनी के लिए नई रोड लाइटें लगवाना।
4. नालियां एवं सड़क निर्माण पर कार्य करना।
5. अन्य बुनियादी विकासः ग्रामीणों की मांग के अनुसार अन्य प्रमुख व आवश्यक विकास कार्यों को गति देना है।
6. जल्दी ही नव निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा।
समारोह के अंत में सभी वार्ड पंच और उपस्थित जनसैलाब ने सरपंच मुकेश सोनी को ग्राम पंचायत के विकास में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा जताया।


