शाहपुरा (भीलवाड़ा)। रिपोर्टर-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा ग्राम पंचायत देवपुरी में मानवता और गौसेवा की मिसाल देखने को मिली। यहां गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ एक नंदी महाराज दर्द से तड़प रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही बालाजी गोवंश हेल्पलाइन टीम के राजस्थान प्रांत प्रमुख एवं अध्यक्ष राजेश सेन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल नंदी के उपचार एवं रेस्क्यू की व्यवस्था की।
जानकारी के अनुसार देवपुरी निवासी शंकर माली ने नंदी महाराज के घायल होने की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर राजेश सेन बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंचे। चुनावी व्यस्तता के चलते शाहपुरा तहसील क्षेत्र में तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सक उपलब्ध नहीं हो पाए। ऐसे में राजेश सेन ने कुछ दूरी पर रहने वाले पशु चिकित्सक छोटू जी से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया। चिकित्सक ने पहुंचकर घायल नंदी महाराज का उपचार किया।
नंदी महाराज की गंभीर हालत को देखते हुए राजेश सेन ने तत्काल केकड़ी स्थित बढ़ते कदम गौशाला से संपर्क किया और उन्हें सुरक्षित गौशाला पहुंचाने की व्यवस्था करवाई। गौशाला तक पहुंचाने के लिए वाहन का किराया शंकर माली ने अपनी ओर से वहन किया।
इस सेवा कार्य में सांवरलाल गुर्जर, शंकर माली, सुनील सेन, देवराज माली, राजू माली, सगराम माली एवं परमेश्वर माली ने सराहनीय सहयोग किया।
बालाजी गोवंश हेल्पलाइन टीम ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेजुबान पशुओं की पीड़ा समझना और उनकी सहायता करना ही सच्ची इंसानियत है।
निस्वार्थ गौसेवा हमारा संकल्प, गोवंश की रक्षा हमारा कर्तव्य।
आवाज राजस्थान


