मुंबई – राजेन्द्र खटीक। 90 के दशक की सुपरहिट फिल्मों में शुमार बॉबी देओल और काजोल स्टारर फिल्म ‘गुप्त’ एक बार फिर सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। रिलीज के करीब 29 साल बाद यह कल्ट क्लासिक फिल्म दिवाली के मौके पर बड़े पर्दे पर लौटने वाली है। फिल्म की दोबारा रिलीज को लेकर सिनेप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस फिल्म में जहां बॉबी देओल के अभिनय और डांस ने दर्शकों का दिल जीता था, वहीं काजोल ने विलेन का किरदार निभाकर बॉलीवुड में इतिहास रच दिया था।
टूटे पैर के बावजूद बॉबी देओल ने किया था शानदार डांस
राजीव राय के निर्देशन में बनी फिल्म ‘गुप्त’ 4 जुलाई 1997 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में बॉबी देओल, काजोल और मनीषा कोइराला मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। इनके अलावा परेश रावल, दिलीप ताहिल, प्रेम चोपड़ा, ओम पुरी, रजा मुराद और कुलभूषण खरबंदा जैसे दिग्गज कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
फिल्म का गाना ‘दुनिया हसीनों का मेला’ उस दौर में काफी लोकप्रिय हुआ था। खास बात यह है कि इस गाने की शूटिंग बॉबी देओल ने टूटे पैर के साथ की थी। साल 2022 में फिल्म के 25 साल पूरे होने पर बॉबी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनकी डेब्यू फिल्म ‘बरसात’ की शूटिंग के आखिरी दिन उनका पैर टूट गया था। इसके बाद उन्हें ‘गुप्त’ फिल्म मिली और चोट के बावजूद उन्होंने गाने की शूटिंग पूरी की। उनका डांस स्टाइल भी बाद में काफी लोकप्रिय हुआ।
काजोल ने विलेन बनकर रचा था इतिहास
फिल्म ‘गुप्त’ की सबसे बड़ी खासियत इसका चौंकाने वाला क्लाइमेक्स और काजोल का दमदार निगेटिव किरदार था। फिल्म में काजोल ने ईशा दीवान की भूमिका निभाई थी। उनका यह किरदार दर्शकों के लिए काफी चौंकाने वाला साबित हुआ।
काजोल ने अपने शानदार अभिनय से न केवल दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान खींचा, बल्कि फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट विलेन का पुरस्कार भी अपने नाम किया। वह यह पुरस्कार जीतने वाली पहली बॉलीवुड अभिनेत्री बनी थीं। इस उपलब्धि ने फिल्म को हिंदी सिनेमा के इतिहास में एक खास पहचान दिलाई।
9 करोड़ के बजट में कमाए थे 33 करोड़ रुपये
गुलशन राय द्वारा निर्मित इस फिल्म को त्रिमूर्ति फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया था। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, करीब 9 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘गुप्त’ ने दुनियाभर में लगभग 33 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था।
फिल्म की कहानी, शानदार संगीत, दमदार अभिनय और रहस्य से भरे क्लाइमेक्स ने इसे 90 के दशक की यादगार फिल्मों में शामिल कर दिया। अब करीब 29 साल बाद इसकी री-रिलीज की खबर ने एक बार फिर पुराने दौर के सिनेमा प्रेमियों की यादें ताजा कर दी हैं। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स इसे दिवाली के मौके पर दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।
29 साल बाद फिर बड़े पर्दे पर लौटेगी ‘गुप्त’, टूटे पैर के साथ बॉबी देओल ने किया था डांस; काजोल बनी थीं बॉलीवुड की पहली बेस्ट विलेन एक्ट्रेस
Leave a comment
Leave a comment


