तरनदीप सिंह टुटेजा.
उदयपुर/नई दिल्ली -: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति देशभर में जागरूकता लाने के उद्देश्य से उदयपुर निवासी जगतदीप सिंह भोगल उदयपुर से नई दिल्ली तक पैदल पदयात्रा पर निकले हैं। इसी अभियान के तहत उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। ज्ञापन 30 अक्टूबर 2026 को गृह मंत्रालय, नई दिल्ली में प्राप्त किया गया।
जगतदीप सिंह भोगल ने ज्ञापन में मांग की है कि देश के सभी सरकारी, निजी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में कक्षा 6 से ऊपर की छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण अनिवार्य किया जाए। उनका कहना है कि बेटियों को बचपन से ही आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में वे स्वयं की सुरक्षा करने में सक्षम बन सकें।
इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों, दुष्कर्म और अत्याचार के मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए विशेष फास्ट ट्रैक अदालतों की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के लिए समय-सीमा निर्धारित हो, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और अपराधियों को कठोर सजा देकर समाज में कानून का मजबूत संदेश दिया जा सके।
भोगल ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि उनकी यह पदयात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं गैर-राजनीतिक है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाना और सरकार तक जनहित से जुड़ी मांगें पहुंचाना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के इन महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक नीतिगत कदम उठाएगी। उनकी यह महिला सुरक्षा, बेटियों के आत्मविश्वास और त्वरित न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण जन-जागरूकता अभियान के रूप में देखी जा रही है।



