Ad imageAd image

सोशल मीडिया की लोकप्रियता वोटों में नहीं बदल पाई, फुलियाखुर्द में पवन साहू की चुनावी मुहिम को झटका

पत्नी कोमल साहू को मिले महज 277 वोट, तीसरे स्थान पर रहीं; भगवतीलाल सोनी 1203 मतों के साथ बने सरपंच

Mahesh Puri
5 Min Read

मूलचन्द पेसवानी | शाहपुरा।

सोशल मीडिया पर लाखों लोगों तक पहुंच और देशभर में अपनी अलग पहचान बनाने वाले मोबाइल इन्फ्लुएंसर पवन साहू की चुनावी मुहिम को फुलियाखुर्द ग्राम पंचायत में बड़ा झटका लगा है। सरपंच पद के लिए चुनाव मैदान में उतरी उनकी पत्नी कोमल साहू को मतदाताओं का अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका और उन्हें महज 277 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा।

शाहपुरा तहसील की फुलियाखुर्द ग्राम पंचायत में हुए सरपंच चुनाव में स्थानीय प्रत्याशी भगवतीलाल सोनी ने 1203 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कालूराम जाट को 797 वोट मिले। इस तरह भगवतीलाल सोनी ने 406 मतों के अंतर से सरपंच पद पर कब्जा जमाया।

सोशल मीडिया की चमक, लेकिन मतपेटी में नहीं दिखा असर

फुलियाखुर्द का चुनाव इस बार केवल सरपंच पद की सामान्य चुनावी प्रतिस्पर्धा नहीं रहा। सोशल मीडिया की लोकप्रियता, डिजिटल प्रचार और जमीनी चुनावी समीकरणों के बीच यह मुकाबला खासा चर्चा में रहा।

पवन साहू ने अपनी पत्नी कोमल साहू के समर्थन में चुनाव प्रचार की कमान संभाली थी। उनके समर्थन में कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी गांव पहुंचे और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चुनावी प्रचार को व्यापक रूप से चलाया गया। इसके बावजूद मतपेटी से निकले परिणाम ने साफ कर दिया कि सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान और फॉलोअर्स की संख्या हमेशा चुनावी वोटों में तब्दील नहीं होती।

विकास के मुद्दे को बनाया था चुनावी हथियार

चुनाव प्रचार के दौरान पवन साहू लगातार गांव के विकास, बुनियादी सुविधाओं और सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की बात करते रहे। उनका कहना था कि गांव की राजनीति आपसी खींचतान और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पंचायत चुनाव गांव की तस्वीर बदलने का माध्यम बनना चाहिए।

उन्होंने ग्रामीणों के सामने विकास का विजन रखा और गांव में बदलाव की बात कही। साथ ही उनका दावा था कि चुनाव जीतने का इंतजार किए बिना भी वे पंचायत के विकास से जुड़े कुछ कार्यों को धरातल पर शुरू कराने की दिशा में प्रयास कर रहे थे।

हार के बाद बोले—जनता का फैसला स्वीकार

चुनाव परिणाम आने के बाद पवन साहू ने जनता के फैसले का सम्मान करते हुए हार स्वीकार की। उन्होंने कहा कि जनता जनार्दन का निर्णय सर्वोपरि है और उन्हें यह फैसला स्वीकार है।

उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम भले ही उनके पक्ष में नहीं रहा, लेकिन गांव के विकास को लेकर उनका संकल्प पहले की तरह कायम रहेगा। जिन कार्यों को शुरू कराने की दिशा में प्रयास किए गए हैं, उन्हें आगे भी पूरा कराने की कोशिश जारी रखी जाएगी। चुनाव के दौरान साथ खड़े रहे लोगों के सुख-दुख में भी वे हमेशा साथ रहने का प्रयास करेंगे।

मतदान के दिन भी सुर्खियों में रहे

चुनाव के दिन भी पवन साहू की सक्रियता चर्चा का विषय रही। मतदान के दौरान एक महिला मतदाता के पहुंचने पर उसका वोट पहले ही डाले जाने की बात सामने आई थी। इस मामले को लेकर पवन साहू ने आपत्ति जताई और मतदान केंद्र पर मौजूद पुलिसकर्मियों से उनकी कहासुनी हो गई।

बाद में शाहपुरा से पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया। पवन साहू ने इस मामले को फर्जी मतदान से जोड़ते हुए सवाल उठाए थे।

फुलियाखुर्द का चुनाव परिणाम एक बार फिर यह संदेश देता है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता और जमीनी चुनावी समर्थन में बड़ा अंतर हो सकता है। डिजिटल दुनिया में लाखों लोगों तक पहुंच बनाने के बावजूद स्थानीय चुनाव में मतदाता अपने क्षेत्रीय मुद्दों, व्यक्तिगत समीकरणों और स्थानीय नेतृत्व को प्राथमिकता देते हैं।

हालांकि चुनावी हार के बावजूद पवन साहू ने गांव के विकास को लेकर अपने प्रयास जारी रखने की बात कही है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि चुनाव के बाद वे फुलियाखुर्द के विकास और जनहित के मुद्दों में किस तरह अपनी भूमिका निभाते हैं।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!