Ad imageAd image

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रश्मि आर्य ने उपकारागृह शाहपुरा का किया निरीक्षण

Mahesh Puri
2 Min Read



रिपोर्टर -राजेन्द्र खटीक।शाहपुरा (भीलवाड़ा)

शाहपुरा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,भीलवाड़ा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश रश्मि आर्य द्वारा उपकारागृह शाहपुरा का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आर्य ने उपकारागृह में निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बिजली, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जेल प्रशासन से जानकारी प्राप्त की। साथ ही बंदियों से व्यक्तिगत संवाद कर उनकी समस्याओं, न्यायालय में लंबित प्रकरणों की स्थिति एवं चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। आर्य ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पात्र बंदी अपने प्रकरणों की पैरवी हेतु निःशुल्क अधिवक्ता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने जिन बंदियों के पास अधिवक्ता उपलब्ध नहीं हैं, उनके विधिक सहायता आवेदन करवाकर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जेल परिसर में स्वच्छता एवं पेयजल सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं सुचारू रखी जाएं।
निरीक्षण के दौरान उपकारागृह शाहपुरा के जेलर किशन लाल मीणा, निजी सहायक दीपक अग्रवाल, तालुका विधिक सेवा समिति शाहपुरा के सचिव शिवराज धाकड़ एवं पैरालीगल वॉलंटियर रीना देवी उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!