Ad imageAd image

नोहर में खाद्य सुरक्षा दल की बड़ी कार्रवाई, 714 लीटर सरसों का तेल व घी सीज

अवधिपार खाद्य सामग्री भी मौके पर करवाई नष्ट, दीपावली के मद्देनजर जिलेभर में जांच अभियान जारी

Mahesh Puri
4 Min Read

हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल द्वारा विभिन्न बाजारों, मिठाई की दुकानों और किराना प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इसी अभियान के तहत 29 अक्टूबर को नोहर में खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। कार्रवाई के दौरान कुल 714 लीटर सरसों का तेल एवं घी सीज किया गया। वहीं, कई प्रतिष्ठानों पर मिली अवधिपार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स रामसुख दास पवन कुमार से सरसों के तेल (अनामिका ब्रांड), मैसर्स ईश्वर ट्रेडिंग कम्पनी से घी (आनन्दा ब्रांड), मैसर्स नवीन देसी घी से घी (पालीवाल गोल्ड ब्रांड) एवं खुले घी तथा मैसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज से भुजिया एवं सरसों के तेल के नमूने लिए।

इसके अलावा मैसर्स श्री चंदगीराम मिष्ठान भंडार से कलाकंद एवं बेसन बर्फी तथा मैसर्स श्री श्याम मावा भंडार से मीठा मावा एवं रसगुल्ला के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

280 लीटर तेल और 434 लीटर घी सीज

निरीक्षण के दौरान मैसर्स रामसुख दास पवन कुमार से 280 लीटर सरसों का तेल (अनामिका ब्रांड) तथा मैसर्स ईश्वर ट्रेडिंग कम्पनी से 434 लीटर घी (आनन्दा ब्रांड) सीज किया गया। इस प्रकार कुल 714 लीटर खाद्य सामग्री को आगामी कार्रवाई तक बिक्री एवं उपयोग के लिए प्रतिबंधित किया गया।

69 लीटर कोल्ड ड्रिंक सहित अवधिपार सामग्री नष्ट

खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स दिनेश एजेंसी एवं मैसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अवधिपार पाई गई करीब 69 लीटर कोल्ड ड्रिंक, जीरा, बिस्किट एवं विभिन्न मसालों के लगभग 200 पैकेट मौके पर ही नष्ट करवाए गए।

खाद्य सुरक्षा दल ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के भंडारण, पैकिंग, निर्माण एवं बिक्री के दौरान निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आमजन से भी की सतर्क रहने की अपील

सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से केवल मानक गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बेचने तथा खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि से संबंधित रिकॉर्ड संधारित रखने की अपील की। उन्होंने आमजन से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी डेट जांचने का आग्रह किया। मिलावट या अनियमितता की आशंका होने पर विभाग को सूचित करने की अपील की गई।

इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती अर्चना यादव, नोहर बीसीएमओ डॉ. मनजीत ढाका, गार्ड योगेश शर्मा एवं वाहन चालक गुरुशरण सिंह मौजूद रहे।

रिपोर्टर: जेठानंद कार्याणी

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!