भीलवाड़ा। शहर के नेहरू विहार वार्ड नंबर 53, सेक्टर 14 में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय रहवासियों में नाराजगी है। क्षेत्र में लंबे समय से नालियां जाम होने के कारण गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाली की समस्या को लेकर कई बार 181 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई गई, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यूआईटी के अधिकारी मौके पर पहुंचते हैं, निरीक्षण करते हैं और औपचारिकता पूरी कर वापस लौट जाते हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में केवल नालियों की समस्या ही नहीं है, बल्कि पार्क में कंटीली झाड़ियां उगी हुई हैं और रोड लाइट की उचित व्यवस्था नहीं होने से रात के समय भी परेशानी होती है। इसके अलावा भी क्षेत्र में कई अन्य समस्याएं बनी हुई हैं।

लोगों का आरोप है कि पार्षद भी समय-समय पर क्षेत्र में आते हैं, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। वहीं यूआईटी अधिकारियों के दौरे भी केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं। शिकायतें करने के बावजूद जब समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं तो आमजन आखिर अपनी फरियाद लेकर कहां जाएं?
स्थानीय रहवासियों ने नगर निगम, यूआईटी और संबंधित जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जाम नालियों की तत्काल सफाई करवाई जाए, पार्क से कंटीली झाड़ियों को हटाया जाए तथा रोड लाइट की व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे और नेहरू विहार वार्ड नंबर 53, सेक्टर 14 के रहवासियों को इन समस्याओं से कब राहत मिलेगी।



