रिपोर्टर -:विजयपाल सिंह राठौड़ (आसींद)
आसींद। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कालियास में पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ग्राम पंचायत के 11 वार्डों में से दो वार्डों में वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वहीं, सरपंच पद के लिए चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। तीनों गांवों के जिसमें ब्राह्मणों का खेड़ा पुवालिया हरडा तीनों गांवों के ग्रामीणों ने आपसी सहमति और भाईचारे का परिचय देते हुए दो वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन की मिसाल पेश की है।
निर्वाचन विभाग द्वारा जारी प्रारूप-5 के अनुसार, वार्ड नंबर 11 से रेखा व्यास (पत्नी सांवरमल शर्मा) तथा वार्ड नंबर 1 से शारदा खटीक को निर्विरोध वार्ड पंच निर्वाचित घोषित किया गया है। दोनों वार्डों में ग्रामीणों की आपसी सहमति से प्रत्याशियों का चयन होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सरपंच पद पर चतुष्कोणीय मुकाबला

ग्राम पंचायत कालियास में सरपंच पद के लिए चार महिला प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें अनिता देवी, पुष्पा देवी, मीरा देवी और रचना कंवर राजपूत शामिल हैं। चार प्रत्याशियों के मैदान में होने से सरपंच पद का मुकाबला रोचक हो गया है।
दो वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन और सरपंच पद पर चार प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से कालियास पंचायत में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, प्रत्याशी ग्रामीणों से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं।


