सांगोद थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज
कोटा ग्रामीण। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सांगोद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 138 ग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान अंकित उर्फ सागर गौतम (36) पुत्र बनवारीलाल, निवासी नवघाट मोहल्ला, सांगोद के रूप में की है।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को सांगोद थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जती के हनुमानजी मंदिर के पास सरसों रोड पर एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग की प्लास्टिक की थैली में अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। तौल करने पर गांजे का वजन 138 ग्राम पाया गया।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस ने आरोपी अंकित उर्फ सागर गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में पहले से कई मामले दर्ज बताए गए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ और मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी नरेंद्र जैन के निर्देशन में की गई। सांगोद थानाधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




