भीलवाड़ा, 29 अक्टूबर। धर्मनगरी भीलवाड़ा में 11 से 17 नवम्बर तक छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम पर महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में होने वाले श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव आयोजन के लिए तैयारियां तेज हो गई है। इसमें व्यासपीठ से प्रतिदिन दोपहर 1 से 5 बजे तक वृन्दावन के प्रख्यात कथावाचक गौरक्षक आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री भीलवाड़ा के श्रद्धालुओं को कथा श्रवण कराएंगे। आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है। कथा आयोजन के सूत्रधार महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा ने बताया कि श्रीमद भागवत कथा प्रारंभ होने से पूर्व श्रद्धा एवं आस्था के साथ कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें सैकड़ो महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर चलेगी। कथा के लिए मंदिर क्षेत्र में विशाल पांडाल का निर्माण किया जा रहा है। इस पांडाल में हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी एवं कथा से जुड़े सभी जरूरी प्रबंध किए जाएंगे। कथा स्थल के बाहर एवं मुख्य मार्ग पर स्वागत द्वार लगाने के लिए विशेष सजावट की जा रही है। कथा आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए है। सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा में प्रतिदिन अलग-अलग प्रसंगों का वाचन होगा। पहले दिन 11 नवम्बर को व्यास पीठ पर श्रीमद् भागवत की स्थापना के साथ श्रीमद् भागवत महात्म्य, व्यास नारद संवाद, कुंती स्तुति प्रसंग का वाचन होगा। इसके तहत दूसरे दिन 12 नवम्बर को कपिल-देवहूती संवाद, सती चरित्र एवं धु्रव चरित्र, 13 नवम्बर को जड़भरत संवाद, नृसिंह अवतार, वामन अवतार प्रसंग, 14 नवम्बर को श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 15 नवम्बर को श्रीकृष्ण बाल लीला, गोवर्धन पूजा, छप्पन भोग, 16 नवम्बर को उदव चरित्र, रूक्मणी मंगल, रास पंचाध्यायी प्रसंग एवं 17 नवम्बर को समापन दिवस पर द्वारिका लीला, सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष प्रसंग का वाचन एवं व्यास पूजन पूर्णाहुति होगी। आयोजन का लाभ भीलवाड़ा अधिकाधिक धर्मप्रेमियों को मिले इसके लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों को भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।


