Ad imageAd image

हनुमानगढ़ में पटाखा दुकानों के अस्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन शुरू, 4 नवंबर को होगी लॉटरी

5 से 8 नवंबर तक ही मान्य रहेंगे लाइसेंस, केवल ग्रीन आतिशबाजी बेचने की अनुमति

Mahesh Puri
3 Min Read

रिपोर्टर जेठानंद कारयानी


हनुमानगढ़। दीपावली के अवसर पर अस्थायी पटाखा दुकानें लगाने के इच्छुक लोगों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। हनुमानगढ़ उपखंड क्षेत्र में पटाखों की बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया के तहत 29 अक्टूबर से आवेदन लिए जा रहे हैं। दुकानों का आवंटन 4 नवंबर को लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट श्यामसुंदर बेनीवाल के अनुसार, जिला कलक्टर के 27 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों के तहत इच्छुक आवेदक 29 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 2 नवंबर को निर्धारित प्रारूप में आवेदन उपखंड कार्यालय, हनुमानगढ़ में जमा करवा सकते हैं। आवेदन के साथ तीन नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, दो फोटोयुक्त पहचान पत्र तथा शपथ पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक है।

4 नवंबर को नगर परिषद में निकलेगी लॉटरी

अस्थायी पटाखा दुकानों के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानों का आवंटन 4 नवंबर को सुबह 11 बजे नगर परिषद, हनुमानगढ़ टाउन में लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। आवेदकों को लॉटरी के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। चयनित आवेदकों को उसी दिन शाम 4 बजे के बाद उपखंड कार्यालय से अस्थायी लाइसेंस जारी किए जाएंगे।

निर्धारित नियमों का पालन जरूरी

प्रशासन के अनुसार, अधूरे आवेदन, आवश्यक दस्तावेजों की कमी अथवा निर्धारित शर्तें पूरी नहीं होने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है। नाबालिगों तथा 55 वर्ष से अधिक आयु के आवेदकों के आवेदन प्रथम दृष्टया अस्वीकार किए जाने का उल्लेख भी निर्देशों में किया गया है। आवेदन निरस्त होने या लॉटरी में दुकान आवंटित नहीं होने पर जमा शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।

केवल ग्रीन आतिशबाजी की बिक्री

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लाइसेंसधारी केवल ग्रीन आतिशबाजी ही बेच सकेंगे। इसके लिए शपथ पत्र देना होगा तथा आतिशबाजी के प्रत्येक बॉक्स पर राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (नीरी) द्वारा जारी क्यूआर कोड होना अनिवार्य है। दुकानदारों को लॉटरी में आवंटित स्थान पर ही दुकान संचालित करनी होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त करने और सामान जब्त करने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अस्थायी पटाखा दुकानों के लाइसेंस 5 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक ही मान्य रहेंगे।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!