भीलवाड़ा = शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से ए.डी.जे. पब्लिक स्कूल, भीलवाड़ा में अध्ययनरत केशव कोली पिछले दो माह से स्कूल नहीं जा पा रहा है। उसके पिता लक्ष्मी नारायण कोली का आरोप है कि आरटीई के तहत प्रवेश होने के बावजूद विद्यालय प्रबंधन द्वारा फीस की मांग की जा रही है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे फीस देने में असमर्थ हैं, जिसके चलते उनके पुत्र की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
लक्ष्मी नारायण कोली पेट्रोल पंप पर कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वे अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित हैं। उनका कहना है कि आरटीई के तहत निःशुल्क शिक्षा का लाभ मिलने के बावजूद यदि फीस की मांग की जाती है, तो इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने मामले को शिक्षा के अधिकार से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए संबंधित अधिकारियों से न्याय की मांग की है।
जिला कलेक्टर ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के दिए निर्देश
इस मामले में लक्ष्मी नारायण कोली द्वारा प्रस्तुत शिकायत के बाद जिला कलेक्टर, भीलवाड़ा के कार्यालय से मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी किया गया है। 26 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में संबंधित तथ्यों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा जिला कलेक्टर कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलेक्टर के निर्देश के क्रम में लक्ष्मी नारायण कोली ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष पुनः गुहार लगाते हुए प्रकरण में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए प्रशासनिक दल गठित किया जाए तथा विद्यालय प्रबंधन को उनके पुत्र केशव कोली को नियमित रूप से अध्ययन करवाने के निर्देश दिए जाएं।
न्याय नहीं मिला तो कोली समाज करेगा धरना-प्रदर्शन: अंजना कोली
लक्ष्मी नारायण कोली के समर्थन में वार्ड 48 से कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी रहीं एवं वीरांगना झलकारी बाई महिला मंडल की सदस्य अंजना कोली ने कहा कि शिक्षा विभाग को इस मामले में न्यायोचित कार्रवाई करते हुए केशव कोली की पढ़ाई पुनः शुरू करवानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि बच्चे को आरटीई योजना के अंतर्गत नियमानुसार निःशुल्क शिक्षा का लाभ दिलाया जाए और विद्यालय प्रबंधन द्वारा फीस मांगने के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाए।
अंजना कोली ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शिक्षा विभाग द्वारा न्याय नहीं किया गया और केशव कोली की पढ़ाई पुनः शुरू नहीं करवाई गई, तो कोली समाज की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली जिम्मेदारी ए.डी.जे. पब्लिक स्कूल प्रबंधन एवं शिक्षा विभाग की होगी।
शिक्षा से वंचित न रह जाए संतान, न्याय के लिए भटक रहा पिता
आर्थिक तंगी से जूझ रहे लक्ष्मी नारायण कोली का कहना है कि वे चाहते हैं कि उनका पुत्र नियमित रूप से स्कूल जाए और उसकी पढ़ाई बाधित न हो। अपने बच्चे को शिक्षा से वंचित होने से बचाने के लिए वे जिला कलेक्टर और शिक्षा विभाग के कार्यालयों में गुहार लगा रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि केशव कोली का आरटीई के तहत नियमानुसार निःशुल्क प्रवेश सुनिश्चित किया जाए, विद्यालय में उसकी नियमित पढ़ाई शुरू करवाई जाए तथा फीस मांगने के आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पक्ष के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में जांच कर बच्चे की पढ़ाई पुनः शुरू करवाने और शिक्षा के अधिकार के तहत मिलने वाले लाभ सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाता है।
आरटीई के तहत प्रवेश के बावजूद फीस मांगने का आरोप, दो माह से स्कूल नहीं जा रहा केशव कोली
Leave a comment
Leave a comment


