Ad imageAd image

ब्यावर में भाजपा के पक्ष में बड़ा सियासी उलटफेर, 15 निर्दलीयों ने वापस लिए नामांकन

Awaaz Rajasthan
3 Min Read

बिजयनगर (रिपोर्टर तरनदीप सिंह टुटेजा) = पंचायत राज चुनावों के बीच ब्यावर जिले में नामांकन वापसी के अंतिम दिन सोमवार को सियासी हलचल तेज हो गई। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष सांड के नेतृत्व में 15 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों से अपने नामांकन पत्र वापस लेकर भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन दिया। इनमें राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के जिला परिषद प्रत्याशी महादेव रामेश्वर का नामांकन वापस लेना भी राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर कार्यालय ब्यावर में नामांकन वापसी के दौरान जिला परिषद के विभिन्न वार्डों से चुनाव मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने पर्चे वापस लिए। इनमें वार्ड संख्या 13 से रायपुर की निवर्तमान प्रधान कमला चौहान, पूर्व जिला परिषद सदस्य मुन्नी देवी एवं किरणबाला चौहान शामिल रहीं। वहीं, वार्ड संख्या 16 से मायादेवी, वार्ड संख्या 17 से ज्योति कंवर, वार्ड संख्या 18 से नरेंद्र सिंह तथा वार्ड संख्या 27 से गोपाल सिंह ने भी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में अपने नामांकन वापस लिए।

रालोपा प्रत्याशी के नाम वापसी से बढ़ी सियासी चर्चा

नामांकन वापसी के अंतिम दिन सबसे चर्चित घटनाक्रम जिला परिषद के वार्ड संख्या 26 से रालोपा प्रत्याशी महादेव रामेश्वर का नामांकन वापस लेना रहा। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में अपना पर्चा वापस लिया। इस घटनाक्रम को चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके अतिरिक्त जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के कई अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी भाजपा के समर्थन में नामांकन वापस लिए। भाजपा नेताओं ने इसे पार्टी और नेतृत्व के प्रति विश्वास तथा संगठनात्मक प्रयासों का परिणाम बताया।

भाजपा पदाधिकारियों की रही मौजूदगी

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड के साथ अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश जेदिया, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव भटेवरा, ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश संयोजक विक्रांत सिंह रावत, एडवोकेट टीकम सिंह चौहान, सुरेंद्र चनिया, हरदेव सिंह रावत, योगेंद्र सिंह राठौड़, भगवान सिंह रावत, भोजराज बैरवा एवं विजय सिंह रावत सहित भाजपा के कई मंडल अध्यक्ष और पदाधिकारी मौजूद रहे।

नामांकन वापसी के अंतिम दिन हुए इस घटनाक्रम के बाद अब चुनावी मुकाबले में भाजपा प्रत्याशियों की स्थिति और विभिन्न वार्डों के बदले हुए समीकरणों पर सबकी निगाहें टिकी हैं। हालांकि, चुनाव परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि नामांकन वापसी का वास्तविक राजनीतिक लाभ किसे मिलता है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!