भीलवाड़ा = पंचायत राज आम चुनाव 2026 के तहत चुनाव कार्य के लिए अधिग्रहित किए गए वाहन निर्धारित तिथि, स्थान और समय पर उपलब्ध नहीं कराने वाले वाहन मालिकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार जिला परिवहन विभाग के उड़नदस्तों द्वारा ऐसे वाहन मालिकों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है।
जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी ने बताया कि चुनाव कार्य के लिए जारी अधिग्रहण आदेशों की पालना करना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि, स्थान और समय पर वाहन उपलब्ध नहीं कराना लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 167 के तहत जारी आदेशों की अवहेलना माना जाएगा। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर एक वर्ष तक के कारावास, जुर्माने अथवा दोनों से दंडित किए जाने का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि अधिग्रहण आदेश के बावजूद वाहन उपलब्ध नहीं कराने वाले वाहन मालिकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 86 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त धारा 53 के तहत वाहन का पंजीयन प्रमाण पत्र निरस्त करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है।
जिला परिवहन अधिकारी ने सभी संबंधित वाहन मालिकों से अपील की है कि वे चुनाव कार्य के लिए जारी अधिग्रहण आदेशों की अनिवार्य रूप से पालना करें तथा निर्धारित तिथि, स्थान और समय पर अपने वाहन उपलब्ध कराएं। आदेशों की अवहेलना करने पर उन्हें अनावश्यक कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।



