भीलवाड़ा = माननीय प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत बुधवार को बापूनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच के साथ खून की जांच, आयरन की आवश्यकता और पौष्टिक भोजन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने शिविर में पहुंचकर गर्भवती महिलाओं से संवाद किया तथा उन्हें राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने के महत्व पर जोर दिया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को फल भी वितरित किए गए।
शिविर में बताया गया कि सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से गर्भवती महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाता है।
इस मौके पर शिक्षाविद् विवेक निमावत, हेमेन्द्र सिंह उपरेडा, सत्य नारायण गुग्गड़, दिनेश सुथार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। चिकित्सालय प्रभारी डॉ. अनुराग शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।



