Ad imageAd image

भीलवाड़ा में पहली बार सजेगा ‘मिसेज करवा चौथ क्वीन 2026’ का भव्य मंच

Awaaz Rajasthan
3 Min Read

भीलवाड़ा = भीलवाड़ा में इस बार करवा चौथ का पर्व परंपरा, संस्कृति और फैशन के अनूठे संगम के रूप में नजर आएगा। जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं इंस्पायर्ड जीआर स्टार इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में शहर में पहली बार तीन दिवसीय ‘मिसेज करवा चौथ क्वीन 2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 24 से 26 अक्टूबर तक आर.के. आरसी व्यास नगर स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित होने वाले इस समारोह में रैंप शो, ब्यूटी पेजेंट और करवा चौथ सेलिब्रेशन के माध्यम से महिलाओं के हुनर, आत्मविश्वास और खूबसूरती का शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

परंपरा के साथ आधुनिकता का संगम

स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली ने बताया कि यूनेस्को पिछले 40 वर्षों से भारतीय त्योहारों और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। सेवा, सद्भाव और सामाजिक सहभागिता के साथ क्षेत्रीय रीति-रिवाजों एवं पारंपरिक पर्वों को बढ़ावा देना भी संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। इसी सोच के तहत करवा चौथ जैसे पारंपरिक पर्व को फैशन और महिला प्रतिभा से जोड़ते हुए इस विशेष आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।

रैंप पर दिखेगा हुनर और खूबसूरती का जलवा

फैशन आइकॉन जया चौहान के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में करवा चौथ सेलिब्रेशन के साथ फैशन शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। भीलवाड़ा में पहली बार ‘मिसेज करवा चौथ क्वीन 2026’ के ग्रैंड फिनाले का मंच सजेगा, जहां प्रतिभागी महिलाएं अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और आकर्षक अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने का प्रयास करेंगी। आयोजन के जरिए महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ पारंपरिक भारतीय संस्कृति और आधुनिक फैशन के बीच खूबसूरत तालमेल प्रस्तुत किया जाएगा।

ट्रेड फेयर में प्रवेश रहेगा निशुल्क

जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने बताया कि तीन दिवसीय ट्रेड फेयर में आमजन का प्रवेश निशुल्क रहेगा। कार्यक्रम में गुरुकृपा इलेक्ट्रिक, जवाहर फाउंडेशन और विवाह ज्वेलरी का विशेष सहयोग रहेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला यूनेस्को एसोसिएशन की ओर से समिति का गठन किया गया है।

आयोजन समिति ने संभाली तैयारियों की कमान

आयोजन संयोजक की जिम्मेदारी साधना मेलाना तथा सह-संयोजक की जिम्मेदारी मधु लोढ़ा को सौंपी गई है। समिति में यूनेस्को के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश जैन, सचिव जगदीश चंद्र मूंदड़ा, कोषाध्यक्ष विशाल विजयवर्गीय, संगठन मंत्री कमलेश जाजू और श्रीमती उषा अग्रवाल को शामिल किया गया है। आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं।

तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन भीलवाड़ा में करवा चौथ के उत्सव को एक नया और आकर्षक रूप देने के साथ महिलाओं की प्रतिभा, संस्कृति और आत्मविश्वास को मंच प्रदान करेगा।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!