Ad imageAd image

पुर के राजकीय विद्यालयों का विधायक अशोक कोठारी ने किया निरीक्षण

डीएमएफटी फंड से चल रहे निर्माण कार्यों की ली जानकारी, खेल मैदान और नवीन पार्क विकसित करने का दिया भरोसा

Awaaz Rajasthan
3 Min Read

भीलवाड़ा = विधायक अशोक कुमार कोठारी ने शनिवार को उपनगर पुर के विभिन्न राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर डीएमएफटी फंड के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं और आधारभूत संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, युवाओं और विद्यालय विकास समिति के सदस्यों से संवाद कर पुर के विकास से जुड़ी समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर चर्चा की।

57 लाख की लागत से बनेंगे चार नए कक्षा-कक्ष

विधायक कोठारी ने सबसे पहले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पुर का निरीक्षण किया। यहां डीएमएफटी फंड से 57 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य की जानकारी ली। विद्यालय की प्रधानाचार्य कल्पना जैन ने बताया कि यह उपनगर पुर का सबसे बड़ा विद्यालय है। विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में कक्षा-कक्षों की आवश्यकता को देखते हुए नए कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

इसके बाद विधायक ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नागोरी मोहल्ला पुर, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय माली मोहल्ला तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुम्हारिया खेड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने डीएमएफटी फंड योजना के तहत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

निरीक्षण के बाद आयोजित संवाद में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं ने पुर में खेल मैदान की कमी और नवीन पार्क विकसित करने की आवश्यकता का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल एवं मनोरंजन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से युवाओं और आमजन को लाभ मिलेगा।

इस पर विधायक अशोक कुमार कोठारी ने बताया कि पुर की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 75 लाख रुपये की लागत से रेसलिंग एवं जूडो हॉल का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि पुर में नवीन खेल मैदान और पार्क उपलब्ध कराने की दिशा में भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

शिक्षा, खेल और नागरिक सुविधाओं पर रहेगा जोर

विधायक कोठारी ने कहा कि उपनगर पुर के सर्वांगीण विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। शिक्षा, खेल और नागरिक सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने संबंधित आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान एडवोकेट अर्पित कोठारी, गजेंद्र सिंह, शिक्षाविद् विवेक निमावत, संजय राठी, राजेंद्र जैन, संपत गंधर्व, विजय कुमार गुप्ता सहित विद्यालय विकास समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!