भीलवाड़ा = जैन सोशल ग्रुप (जेएसजी) संगिनी भीलवाड़ा स्पार्क की ओर से गरबा उत्सव का भव्य आयोजन उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ किया गया। रंग-बिरंगे आकर्षक परिधानों में सजी सदस्याओं ने गरबा के विभिन्न राउंड में शानदार नृत्य प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। संगीत की मधुर धुनों पर थिरकते कदमों और उत्साह से भरे माहौल ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
सचिव रविता जैन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ जेएसजी भीलवाड़ा स्पार्क के अध्यक्ष सुनील नाहर, नवीन वागरेचा, मनोज चंडालिया, संजय सिसोदिया एवं गौतम दुगड़ ने मातारानी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष दीपा सिसोदिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन की सराहना की।
चार राउंड में दिखा गरबा का उत्साह, हुईं आकर्षक प्रतियोगिताएं
गरबा उत्सव के दौरान चार राउंड आयोजित किए गए, जिनमें सदस्याओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन में बेस्ट डांस, बेस्ट ड्रेसअप, बेस्ट हेयर स्टाइल, बेस्ट एनर्जेटिक पर्सन और स्पार्क गरबा क्वीन जैसी आकर्षक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपने नृत्य कौशल, पारंपरिक परिधानों और शानदार अंदाज से सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका मिताली मानसिंहका ने निभाई।
रितिका पाटनी और नीलम जैन ने मारी बाजी, प्रतीक्षा जैन बनीं गरबा क्वीन
प्रतियोगिताओं के परिणामों में बेस्ट डांस में रितिका पाटनी ने प्रथम तथा डिंपल कोठारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बेस्ट ड्रेसअप प्रतियोगिता में नीलम जैन प्रथम और श्वेता डागा द्वितीय रहीं। वहीं, स्पार्क गरबा क्वीन का खिताब प्रतीक्षा जैन को प्रदान किया गया। विजेताओं की उपलब्धियों पर उपस्थित सदस्यों ने उत्साह व्यक्त किया।
नन्हीं बालिकाओं की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण चार वर्षीय नित्या जैन एवं सान्वी जैन की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां रहीं। इतनी कम उम्र में दोनों बालिकाओं ने शानदार अंदाज में नृत्य कर उपस्थित सदस्यों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली और आयोजन में उत्साह का माहौल और भी बढ़ गया।
कार्यक्रम में संस्था की उपाध्यक्ष मीरा चंडालिया, कोषाध्यक्ष आशा चौधरी, सहमंत्री सुमन दुगड़ एवं मीनू चांदीवाल सहित रितिका पाटनी, डिंपल कोठारी और अनेक सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। गरबा उत्सव ने आपसी मेलजोल, सांस्कृतिक परंपराओं और महिला सहभागिता का सुंदर संदेश दिया।



