Ad imageAd image

विहिप मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी का शौर्य शक्ति संचलन, जयकारों से गूंजा शहर

Awaaz Rajasthan
3 Min Read

भीलवाड़ा = विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी की ओर से अशोक जी सिंघल की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शौर्य शक्ति संचलन का आयोजन किया गया। केंद्र के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बहनों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संचलन के दौरान जय भवानी और भारत माता के जयकारों से शहर का वातावरण गुंजायमान हो उठा।

दुर्गा वाहिनी महानगर सह-संयोजिका भारती आसवानी एवं अंबिका भट्ट ने बताया कि शौर्य शक्ति संचलन शाम 5 बजे माली समाज के नोहरे से प्रारंभ हुआ। संचलन शहीद चौक, धानमंडी, बड़ा मंदिर, हिंदू महासभा कार्यालय, भीमगंज थाना, सिंघल हॉस्पिटल, बजरंगी चौराहा, महाराणा टॉकीज और माणिक्य नगर चौराहे सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए बृज कोट की माताजी पहुंचा। इसके बाद संचलन पुनः माली समाज के नोहरे में पहुंचकर संपन्न हुआ।

जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

शौर्य शक्ति संचलन के मार्ग में सामाजिक, धार्मिक संगठनों एवं व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर बहनों का स्वागत किया। संचलन में शामिल बहनों ने उत्साह और अनुशासन के साथ कदमताल करते हुए जय भवानी, भारत माता की जय सहित विभिन्न उद्घोष लगाए। पूरे मार्ग में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। बजरंगी कार्यकर्ताओं ने आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया।

आत्मसम्मान और आत्मबल का दिया संदेश

संचलन के समापन के बाद माली समाज के नोहरे में मंचीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. शीतल अजमेरा ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में लता पांडिया उपस्थित रहीं। मंचासीन अतिथियों में साध्वी दीदी देवगिरी जी, छो बावड़ी, प्रांत संयोजिका प्रीति दीदी, प्रांत सह-संयोजिका सीमा दीदी, समाजसेवी डॉ. शीतल अजमेरा तथा मातृशक्ति विभाग संयोजिका गायत्री सोनी शामिल रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, महिषासुर मर्दिनी एवं राम दरबार के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। दीप मंत्र सुनीता त्रिवेदी ने प्रस्तुत किया, जबकि आचार पद्धति विभाग संयोजिका सोनाली जांगिड़ ने कार्यक्रम की आचार पद्धति संपन्न कराई। कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रीति दीदी ने रखी।

सतर्कता, साहस और सामाजिक जागरूकता पर जोर

मुख्य वक्ता लता पांडिया ने बालिकाओं को आत्मसम्मान, आत्मबल और सामाजिक जागरूकता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को अपने आत्मविश्वास और विवेक को मजबूत बनाना चाहिए तथा पहचान छिपाकर दोस्ती करने जैसे मामलों में सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने नशे को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए कहा कि इसका असर पारिवारिक संबंधों पर भी पड़ता है।

उन्होंने बालिकाओं से मां दुर्गा के शौर्य और शक्ति से प्रेरणा लेकर जीवन में साहस, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक रहते हुए उनके विरुद्ध सकारात्मक भूमिका निभाने की बात कही।

आयोजन में सैकड़ों बहनों और महिलाओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति को संगठित करना, बालिकाओं में आत्मसम्मान एवं आत्मविश्वास बढ़ाना तथा समाज में जागरूकता और संस्कारों का संदेश प्रसारित करना रहा।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!