Ad imageAd image

पुर में 10 फीट लंबे अजगर ने किया बतख का शिकार, वन विभाग की मौजूदगी में सुरक्षित रेस्क्यू

सर्पमित्र नारायण लाल बैरवा ने सूझबूझ से किया रेस्क्यू, वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ा अजगर

Awaaz Rajasthan
2 Min Read

पुर = गांव में रामदेव मंदिर डुंगरी के पास स्थित प्रकाश कोठारी के पीकॉक फार्म हाउस में उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 10 फीट लंबे अजगर ने एक बतख का शिकार कर लिया। अजगर को बतख निगलते देख फार्म हाउस में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, लोगों ने समझदारी दिखाते हुए अजगर को खुद पकड़ने का प्रयास नहीं किया और तत्काल वन विभाग तथा प्रशिक्षित सर्पमित्र को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवक एवं सर्पमित्र नारायण लाल बैरवा मौके पर पहुंचे। उनके साथ वन विभाग के वनरक्षक रूपेंद्र सिंह पुरावत और दिनेश कुमार रेगर भी मौजूद रहे। टीम की मौजूदगी में सर्पमित्र बैरवा ने सावधानी, प्रशिक्षण और सूझबूझ के साथ अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

रेस्क्यू के दौरान अजगर को किसी प्रकार की चोट नहीं पहुंची। इसके बाद वन विभाग की टीम के सहयोग से उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई से फार्म हाउस में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

वन्यजीव संरक्षण का दिया संदेश

सर्पमित्र नारायण लाल बैरवा ने लोगों को बताया कि अजगर एक संरक्षित वन्यजीव है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। चूहे और खरगोश जैसे जीवों की संख्या नियंत्रित करने में भी इसकी अहम भूमिका होती है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि घर, खेत या फार्म हाउस में सांप अथवा अजगर दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्पमित्र को सूचना दें। जागरूकता और सावधानी से मानव एवं वन्यजीवों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!