सवाईपुर (भीलवाड़ा) = नेशनल हाईवे-758 पर कुड़ी चौराहे के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर माता रानी के दर्शन करने जाने के लिए बस का इंतजार कर रही तीन महिलाओं को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि तीसरी महिला बाल-बाल बच गई। घायलों को निजी वाहन की सहायता से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
सवाईपुर चौकी प्रभारी महेंद्र खोजी के अनुसार, सवाईपुर से बीगोद की ओर जा रही एक कार कुड़ी चौराहे पर सड़क पार कर रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बैठी तीन महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि महिलाएं उछलकर दूर जा गिरीं। हादसे में बाइक सवार भी गिर गया, हालांकि उसे चोट नहीं आई।
दो महिलाएं गंभीर घायल
हादसे में सरजू पत्नी छीतर सैन निवासी सोपुरा जाटों का तथा नंदू पत्नी श्याम पुरोहित निवासी गेगा का खेड़ा गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, दुर्गा पत्नी धन्ना सैन निवासी गेगा का खेड़ा इस हादसे में बाल-बाल बच गईं। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर मारने के बाद कार सड़क किनारे खड़ी दो अन्य बाइकों को भी चपेट में लेते हुए गेगा का खेड़ा रोड की ओर जाकर रुकी।
मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर सवाईपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि महिलाएं नवरात्रि के पावन पर्व पर माता जी के दर्शन करने जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सवाईपुर में रफ्तार का कहर: बस का इंतजार कर रही तीन महिलाओं को कार ने मारी टक्कर, दो गंभीर घायल
कुड़ी चौराहे पर हादसा, दो बाइक भी क्षतिग्रस्त; घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया
Leave a comment
Leave a comment


