भीलवाड़ा = अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशव्यापी अभियान के तहत शुक्रवार को भीलवाड़ा में जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट के नेतृत्व में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में कर्मचारियों के लंबित परिलाभों का भुगतान, 25 सूत्रीय मांगपत्र का निराकरण तथा दीपावली से पूर्व बोनस जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
महासंघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अमित व्यास ने बताया कि राज्य कर्मचारियों के लंबित परिलाभों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान, समर्पित अवकाश (पीएल), सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ), राज्य बीमा (एसआई) ऋण सहित विभिन्न कर्मचारी वर्गों की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।
महामंत्री समर्थ कुमावत ने बताया कि महासंघ के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपने का अभियान चलाया गया। महासंघ ने सरकार से पूर्व में प्रस्तुत 25 सूत्रीय मांगपत्र पर शीघ्र निर्णय लेकर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि राज्य कर्मचारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों को अपने ही हक के भुगतान के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जीपीएफ, राज्य बीमा, ग्रेच्युटी और समर्पित अवकाश के भुगतान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए व्यवस्था में सुधार जरूरी है।
दीपावली से पहले बोनस और बकाया भुगतान की मांग
महासंघ ने पात्र राज्य कर्मचारियों को दीपावली से पूर्व बोनस का भुगतान नकद करने तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी लंबित परिलाभों का तत्काल भुगतान करने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि त्योहार के अवसर पर कर्मचारियों को आर्थिक राहत देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। कर्मचारियों के अधिकारों और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए सरकार को केवल आश्वासन देने के बजाय ठोस निर्णय लेने चाहिए।
विभिन्न कर्मचारी वर्गों ने लिया भाग
प्रदेशव्यापी अभियान में नियमित कर्मचारियों के साथ संविदा, निविदा एवं ठेका कर्मचारी, जनता जल योजना के श्रमिक, आंगनबाड़ी कर्मचारी तथा फार्मासिस्ट, रेडियोग्राफर, लैब टेक्नीशियन, वाहन चालक, होमगार्ड, मंत्रालयिक एवं अधीनस्थ कर्मचारी सहित विभिन्न वर्गों के कर्मचारियों की मांगों को भी शामिल किया गया। महासंघ ने सेवा सुरक्षा, आर्थिक हितों और लंबित समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
इस दौरान संरक्षक राजेंद्र शर्मा, नीरज ओझा, हुकमीचंद गुप्ता, विनोद सोनी, राजकुमार शर्मा, घनश्याम असावा, काशीराम नायक, विनोद जीनगर, दीपक तोलम्बिया, ललित जीनगर, पुरुषोत्तम चावला, अंकित काबरा, नीरज व्यास, कुलदीप आर्य, करण सिंह, रामलाल भील, धीरज सिंह, राकेश यादव, पवन गर्ग, प्रहलाद सिंह एवं अनीता खोईवाल सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कर्मचारियों के हकों के लिए महासंघ ने भरी हुंकार, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
25 सूत्रीय मांगपत्र के निराकरण, लंबित परिलाभों के भुगतान और दीपावली से पहले बोनस देने की उठाई मांग
Leave a comment
Leave a comment


