Ad imageAd image

मतदान दिवस पर कार्मिकों / श्रमिकों को मिलेगा सवैतनिक अवकाश, जिला निर्वाचन अधिकारी ने नियोजकों को दिए निर्देश

Awaaz Rajasthan
3 Min Read

भीलवाड़ा = जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जसमीत सिंह संधू ने बताया कि श्रम आयुक्त, राजस्थान जयपुर के आदेशों की अनुपालना में जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत मतदान दिवस पर नियोजित कार्मिकों / श्रमिकों को सवैतनिक अवकाश मंजूर किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135(ख) के प्रावधान राजस्थान पंचायतीराज अधिनियम 1994 की धारा 22 के अनुसार पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के संबंध में भी लागू होते हैं। जिसके अनुसार मतदान के दिन किसी कारोबार, व्यवसाय, औद्योगिक उपक्रम या किसी अन्य स्थापन में नियोजित प्रत्येक व्यक्ति, जो मतदान का हकदार है, को मतदान हेतु सवैतनिक अवकाश देय होगा।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में पंचायत समिति क्षेत्र कोटड़ी, जहाजपुर, खजूरी, माण्डलगढ़, बिजौलिया, माण्डल, करेड़ा, सुवाणा, बनेड़ा में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य हेतु मतदान दिवस दिनांक 22.10.2026 तथा पंच एवं सरपंच पद हेतु मतदान दिवस दिनांक 24.10.2026 को तथा द्वितीय चरण में पंचायत समिति क्षेत्र रायपुर, सहाड़ा, शाहपुरा, फूलियाकलां, आसीन्द, शम्भूगढ़, हुरड़ा में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य हेतु मतदान दिवस दिनांक 28.10.2026 तथा पंच एवं सरपंच पद हेतु मतदान दिवस दिनांक 30.10.2026 को संबंधित क्षेत्रों में कार्यरत मतदाताओं को सवैतनिक अवकाश मंजूर किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अवकाश मंजूर किये जाने के कारण किसी भी व्यक्ति की मजदूरी में कोई कटौती नहीं की जाएगी और यदि ऐसा व्यक्ति इस आधार पर नियोजित किया जाता है कि उसे सामान्यतया किसी ऐसे दिन के लिए मजदूरी प्राप्त नहीं होगी, तो भी उसे उस दिन के लिए वह मजदूरी संदत्त की जाएगी, जो उस दिन उसे अवकाश मंजूर न किए जाने की दशा में दी गयी होती। यदि कोई नियोजक उक्त निर्देशों का उल्लंघन करेगा, तो ऐसा नियोजन जुर्माने से, जो 500/- रूपये तक हो सकेगा, दण्डनीय होगा।

उन्होंने बताया कि उक्त निर्देशों की पालना सुनिश्चित करवाने हेतु अधिकारियों की ड्यूटी तुरन्त प्रभाव से लगाई गई है,
जिसमें –
1. महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र भीलवाड़ा
2. क्षेत्रीय प्रबंधक रीको लि. भीलवाड़ा
3. उपश्रम आयुक्त भीलवाड़ा
4. क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण मण्डल भीलवाड़ा को नियुक्त किया गया है। उक्त अधिकारी प्रथम चरण के मतदान दिवस 22.10.2026 एवं 24.10.2026 तथा द्वितीय चरण के मतदान दिवस 28.10.2026 एवं 30.10.2026 को उक्त आदेशों की पालना करवाने की सुनिश्चितता करेंगे एवं की गई कार्यवाही से इस कार्यालय को अवगत कराएंगे।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!