Ad imageAd image

विप्र सेना ब्राह्मण समाज के गरबा महोत्सव के तीसरे दिन नन्हीं बालिकाओं की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
एयू बैंक ब्रांच मैनेजर सुमित गौतम का स्वागत एवं अभिनंदन, शुक्रवार को होगा महोत्सव का भव्य समापन

Awaaz Rajasthan
2 Min Read

शाहपुरा = विप्र सेना ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय गरबा महोत्सव के तीसरे दिन गुरुवार को भक्ति, उत्साह एवं सांस्कृतिक रंगों से सजी मनमोहक प्रस्तुतियाँ हुईं। कार्यक्रम में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हीं बालिकाओं की शानदार एकल नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान एयू बैंक के ब्रांच मैनेजर सुमित गौतम का विप्र सेना ब्राह्मण समाज की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर सुमित गौतम ने नन्हीं बालिकाओं की एकल नृत्य प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए अपने हाथों से प्रतिभागी बालिकाओं को पारितोषिक वितरित किए तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
विप्र सेना नगर अध्यक्ष गोल्डी पुनीत पाराशर, तहसील अध्यक्ष हेमराज शर्मा एवं युवा वैभव दत्त पोंड्रिक ने बताया कि चार दिवसीय गरबा महोत्सव का समापन शुक्रवार को भव्य रूप से होगा। समापन समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बालक-बालिकाओं, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए गरबा और डांडिया प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही आकर्षक वेशभूषा एवं श्रेष्ठ ड्रेस कोड के साथ गरबा-डांडिया करने वाले प्रतिभागियों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि समापन समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पार्षदगण एवं पत्रकार साथियों का भी स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा। यह आयोजन समाज की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
विप्र सेना ब्राह्मण समाज द्वारा पिछले पाँच वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा यह गरबा महोत्सव समाजजनों के लिए भक्ति, उत्साह, सांस्कृतिक परंपराओं एवं आपसी मेल-मिलाप का विशेष अवसर बन चुका है। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ना है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!