Ad imageAd image

राशमी में मकान और दुकान से 413 किलो संदिग्ध घी जब्त, खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए नमूने

डीएसटी, एफएसओ विभाग एवं राशमी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे सैंपल

Dev Karan Mali
3 Min Read

चित्तौड़गढ़ = जिले के राशमी कस्बे में जिला विशेष टीम (डीएसटी), खाद्य सुरक्षा विभाग एवं राशमी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक मकान और दुकान से कुल 413 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया है। घी के डिब्बों पर सरस घी अंकित था। घी की गुणवत्ता एवं वास्तविकता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नमूने लिए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए डीएसटी को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में डीएसटी टीम प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि राशमी कस्बे में अनिल पोखरना के मकान एवं दुकान में देसी घी का भंडारण कर उसका विक्रय किया जा रहा है।

सूचना की पुष्टि के लिए एएसआई सूरज कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष शर्मा एवं कुलदीप मीणा को साथ लेकर राशमी पहुंचे। वहां राशमी थाना पुलिस की टीम के साथ संबंधित मकान और दुकान की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान अलग-अलग मार्का वाले टिन एवं प्लास्टिक के डिब्बे मिले, जिन पर सरस घी लिखा हुआ था। घी संदिग्ध प्रतीत होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नमूने लिए। इसके बाद घी से भरे डिब्बों को सीलबंद कर कमरे में सुरक्षित रखा गया तथा कमरे को भी सील किया गया। जब्त घी का कुल वजन 4 क्विंटल 13 किलोग्राम बताया गया है।

प्रयोगशाला जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला में जांच के बाद ही घी की गुणवत्ता एवं उसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घी को संदिग्ध मानते हुए कार्रवाई की गई है।

संयुक्त टीम में ये रहे शामिल

राशमी थाना पुलिस की टीम में थानाधिकारी गेहरीलाल गुर्जर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल हजारीलाल तथा कांस्टेबल सुरेश, जैसाराम, अनिल, अर्जुन और लाल शामिल रहे। वहीं डीएसटी टीम में एएसआई सूरज कुमार के साथ कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, वीरेंद्र, रमेश एवं मनोज शामिल थे। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से फूड इंस्पेक्टर मनीष शर्मा एवं कुलदीप मीणा ने कार्रवाई में भाग लिया।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!