चित्तौड़गढ़ = जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में 20वीं राष्ट्रीय इंटर डिस्ट्रिक्ट प्रतियोगिता के लिए जिले की एथलेटिक्स टीम का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी आगामी 14 से 16 नवंबर तक हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संघ सचिव सूर्य प्रकाश गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं तेलंगाना राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में वॉनसन यूनिवर्सिटी, हैदराबाद में किया जाएगा। संघ अध्यक्ष सोमेश त्यागी एवं आयोजन सचिव कमल सिंह चुंडावत ने बताया कि इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित चयन स्पर्धा में खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपना दमखम दिखाया।
अंडर-16 बालक वर्ग में इनका हुआ चयन
60 मीटर दौड़ में वंश नाहर, 600 मीटर दौड़ में रुद्र कुमावत, 80 मीटर बाधा दौड़ में हर्षवर्धन सिंह, लंबी एवं ऊंची कूद में हर्षराज सिंह झाला तथा शॉटपुट में दक्ष खटीक विजेता रहे।
बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
अंडर-16 बालिका वर्ग में 60 एवं 600 मीटर दौड़ में दिशा प्रजापत, लंबी कूद में दिशा प्रजापत एवं द्वितीय स्थान पर प्रियंका तथा शॉटपुट में विजयलक्ष्मी ने जीत हासिल की।
अंडर-14 ट्रायथलॉन में भी खिलाड़ियों का चयन
ट्रायथलॉन ए, बी एवं सी स्पर्धाओं के अंडर-14 बालक वर्ग में मोहसिन, प्रत्युष एवं दक्ष कुमावत विजेता रहे। वहीं बालिका वर्ग में दिव्या तेली, अतालिया एवं हंसवी गोस्वामी ने चयन स्पर्धा में सफलता प्राप्त की।
जिला एथलेटिक्स संघ के अनुसार, चयनित 13 खिलाड़ियों का दल नवंबर में हैदराबाद पहुंचकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा। खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।



