चित्तौड़गढ़ = दुर्गाष्टमी के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की ओर से शहर के गणगौर गार्डन में धर्मसभा का आयोजन किया गया। धर्मसभा के बाद भव्य शक्ति संचलन निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। संचलन के दौरान नवदुर्गा, भारत माता और महिषासुर मर्दिनी की सजीव झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक एवं छात्र संगठनों ने पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया।
ध्वज प्रणाम और शस्त्र पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वज प्रणाम, प्रार्थना, शस्त्र पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ निर्धारित आचार पद्धति के अनुसार हुआ। मंच पर दुर्गावाहिनी की राष्ट्रीय संयोजिका एवं विहिप की केंद्रीय सहमंत्री प्रज्ञा महाला, राजस्थान क्षेत्रीय संयोजिका लता पंड्या, जिला उपाध्यक्ष मंजुलता शर्मा, मातृशक्ति जिला संयोजिका शिवानी साहू और नगर उपाध्यक्ष राधा काबरा उपस्थित रहीं।
क्षेत्रीय संयोजिका लता पंड्या ने प्रस्तावना रखते हुए बताया कि मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की स्थापना वर्ष 1991 में शारदीय नवरात्रि की दुर्गाष्टमी को हुई थी। उन्होंने बताया कि संगठन सेवा, सुरक्षा और संस्कार के ध्येय वाक्य के साथ कार्य करता है। संगठन में बहनों को शास्त्रों के ज्ञान के साथ शस्त्र प्रशिक्षण और आत्मरक्षा के गुण सिखाए जाते हैं।
आत्मरक्षा प्रशिक्षण पर दिया जोर
मुख्य वक्ता प्रज्ञा महाला ने अपने संबोधन में संस्कार, भारतीय संस्कृति और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण आवश्यक है। उन्होंने बहनों से जूडो-कराटे जैसे प्रशिक्षण अपनाने और दुर्गावाहिनी के प्रशिक्षण वर्गों में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने भारतीय परंपराओं, सामाजिक मूल्यों और युवाओं में संस्कारों के महत्व पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
प्रमुख मार्गों से निकला शक्ति संचलन
धर्मसभा के बाद शक्ति संचलन गणगौर गार्डन से प्रारंभ हुआ। यह महाराणा प्रताप सेतु मार्ग, ईनाणी सिटी सेंटर, राणा सांगा बाजार, सुभाष चौक, गोल प्याऊ, गांधी चौक और मिठाई गली से होते हुए पाडनपोल स्थित सुखवालों के नोहरा पहुंचा, जहां संचलन का समापन हुआ। मार्ग में विभिन्न संगठनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में विहिप के प्रांत संगठन मंत्री नितिन भारत, प्रांत सहमंत्री किशन गुर्जर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक हरिशंकर, जिला प्रचारक मयंक, लक्ष्मी जोशी, अनिल चतुर्वेदी, मुकेश नाहटा, जिला अध्यक्ष किशन पिछोलिया, जिला मंत्री चंद्रशेखर सोनी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन नगर संयोजिका अंजलि सेन ने किया। आचार पद्धति की जिम्मेदारी पूर्वा साहू तथा मंच परिचय आरुषि पांड्या ने कराया। आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाएं मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संभालीं। अंत में मातृशक्ति जिला संयोजिका शिवानी साहू ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।



