भीलवाड़ा। श्री अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की ओर से शनिवार, 17 अक्टूबर को भीलवाड़ा महानगर में शौर्य शक्ति संचलन का आयोजन किया जाएगा। संचलन के माध्यम से मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की बहनें शौर्य, अनुशासन और संगठन शक्ति का प्रदर्शन करेंगी।
दुर्गावाहिनी की महानगर सहसंयोजिका भारती आसवानी एवं अंबिका शर्मा तथा मातृशक्ति की विभाग संयोजिका गायत्री सोनी ने बताया कि संचलन शाम 5 बजे नेहरू रोड स्थित मालियों के नोहरे से प्रारंभ होगा। यहां से संचलन शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा।
संचलन शहीद चौक, धान मंडी, बड़ा मंदिर, सराफा बाजार, हिंदू महासभा कार्यालय, भीमगंज थाना, सिंगल हॉस्पिटल, बजरंगी चौराहा, गांधी बाजार, महाराणा टॉकीज, माणिक्य नगर चौराहा, पटवा जी की गली, माली खेड़ा, ब्रज कोट के माताजी चौराहे और नेहरू रोड से होते हुए पुनः मालियों के नोहरे पहुंचेगा, जहां कार्यक्रम का समापन होगा।
संचलन के दौरान दुर्गावाहिनी की बहनें तलवार वाहिनी, दंड वाहिनी और पताका वाहिनी के रूप में कतारबद्ध होकर कदमताल करेंगी। घोष की धुन के साथ अनुशासित संचलन निकाला जाएगा। शहर के प्रमुख मार्गों पर व्यापारियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की ओर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा।
कार्यक्रम में दुर्गावाहिनी की राजस्थान क्षेत्रीय संयोजिका लता पडिया मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की बहनें विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर रही हैं। संचलन के समापन के बाद सामूहिक संगत एवं पंगत भोजन का कार्यक्रम भी आयोजित होगा।



