भीलवाड़ा = दीपावली के त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को आजाद चौराहा स्थित शिव भोलेनाथ ट्रेडर्स का सघन निरीक्षण किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित पाया गया। जांच में मौके पर अवधिपार, खराब एवं नकली खाद्य सामग्री भी मिली। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 123 किलोग्राम खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई।
विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आमजन से अपील: खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण एवं समाप्ति तिथि, पैकेजिंग और गुणवत्ता की जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।
खाद्य सुरक्षा विभाग की मिलावटखोरों पर कार्रवाई, 123 किलो अवधीपार व नकली खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट
बिना लाइसेंस संचालित शिव भोलेनाथ ट्रेडर्स पर सघन निरीक्षण, अनियमितताएं मिलने पर मौके पर ही की गई कार्रवाई
Leave a comment
Leave a comment


