चित्तौड़गढ़ = वन्यजीवों के शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ वन मंडल की विजयपुर रेंज ने नीलगाय के बच्चे के शिकार के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को 13 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए हैं।
वन विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई उप वन संरक्षक चित्तौड़गढ़ वी. केतन कुमार एवं सहायक वन संरक्षक भावना शर्मा के निर्देशन में की गई। विजयपुर रेंज के शिकार प्रकरण संख्या 634-01, दिनांक 9 सितंबर 2026 में आरोपी इंद्रमल कंजर उर्फ इंद्रिया कंजर पुत्र बिटू कंजर उर्फ मिठ्या कंजर निवासी धांगलिया खेड़ा फरार चल रहा था। आरोपी किसी अन्य प्रकरण में उपकारागृह बेगूं में निरुद्ध था। इसके बाद चित्तौड़गढ़ के सिविल न्यायालय एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के तहत प्रोडक्शन वारंट जारी किया गया। इसके आधार पर आरोपी को 14 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 13 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पहले दो आरोपी भी भेजे जा चुके हैं जेल
वन विभाग के मुताबिक, इस मामले में इससे पहले गोपाल लाल भील निवासी धांगलिया का खेड़ा तथा भंवरलाल पुत्र नाथूलाल बागरिया निवासी निम्बाहेड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपियों ने कथित रूप से मिलकर नीलगाय के बच्चे के शिकार की वारदात को अंजाम दिया था। आरोप है कि नीलगाय के बच्चे को घटना से एक दिन पहले जंगल से घर लाया गया था। मामले में सभी आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधन अधिनियम, 2022) की धाराओं 9, 39, 50, 51 एवं 52 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
वन विभाग की टीम की रही अहम भूमिका
वन विभाग के अनुसार, प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाने की यह उदयपुर संभाग की पहली कार्रवाई है।
पूरी कार्रवाई में विजयपुर रेंजर भूपेन्द्र सिंह शक्तावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में नाका प्रभारी विजयपुर मनोहर सिंह जाट, सहायक वनपाल, नाका प्रभारी उदपुरा राजेन्द्र सिंह रावत, वनपाल मेघनाथ, योगेश कुमार गुजर, मंदराज मीणा, नारायण सिंह तंवर, महेन्द्र सिंह चुण्डावत एवं विजय सिंह चौहान सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। ओमप्रकाश बेनीवाल भी कार्रवाई में शामिल रहे।
नीलगाय के बच्चे के शिकार मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, 13 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
प्रोडक्शन वारंट पर आरोपी को न्यायालय में किया पेश, उदयपुर संभाग में वन विभाग की इस तरह की पहली कार्रवाई होने का दावा
Leave a comment
Leave a comment


