चित्तौड़गढ़ = सिनेमा जगत के महान पार्श्वगायक, अभिनेता एवं संगीतकार स्वर्गीय किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर 13 अक्टूबर को सुख सेवा संस्थान नशा मुक्ति एवं परामर्श केंद्र, चित्तौड़गढ़ में ‘कभी अलविदा ना कहना’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किशोर कुमार के सदाबहार गीतों के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संगीत की सुरीली प्रस्तुतियों ने माहौल को भावुक और खुशनुमा बना दिया।
संस्थान अध्यक्ष गफ्फार पठान ने बताया कि कार्यक्रम में संस्थान के समन्वयक एवं कलाकार अमित कुमार चेचानी ने किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने ‘कभी अलविदा ना कहना’, ‘समझौता गमों से कर लो’, ‘एक रास्ता है जिंदगी’, ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘मुसाफिर हूं यारों’, ‘अगर तुम ना होते’ और ‘यार हमारी बात सुनो’ जैसे सदाबहार गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन गीतों ने इलाजरत मरीजों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी और उन्हें संगीत के साथ कुछ सुकून भरे पल बिताने का अवसर दिया।
संगीत से मिलता है मन को सुकून : गफ्फार पठान
संस्थान अध्यक्ष गफ्फार पठान ने कहा कि गीत-संगीत मन को शांति और सुकून प्रदान करता है। किशोर कुमार की आवाज का जादू आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में जीवंत है। उनके गीत सुनना ध्यान लगाने जैसा अनुभव देता है। संगीत का उपयोग सकारात्मक वातावरण बनाने और मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक गतिविधि के रूप में किया जा सकता है।
इलाजरत मरीजों ने भी गाए गीत, लिया भरपूर आनंद
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि संस्थान में उपचाररत मरीजों ने भी किशोर कुमार के गीत गाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मरीजों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और संगीत का भरपूर आनंद उठाया। इस तरह कार्यक्रम मनोरंजन के साथ-साथ मरीजों के लिए अपनी भावनाओं को व्यक्त करने और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने का माध्यम भी बना।
काउंसलर जितेन्द्र तोमर ने कहा कि किशोर कुमार की सदाबहार आवाज का ही जादू है कि आज भी लोग उनके गीतों को गुनगुनाते हैं। उनके रोमांटिक, संजीदा, मस्तीभरे और जीवन दर्शन से जुड़े गीत हर उम्र के संगीत प्रेमी के दिल को छू जाते हैं।
रचनात्मक गतिविधियों से मरीजों को मिलती है नई ऊर्जा
संस्थान सचिव प्रभात शर्मा ने बताया कि सुख सेवा संस्थान में उपचाररत मरीजों के लिए समय-समय पर सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इन गतिविधियों का उद्देश्य मरीजों में सकारात्मक सोच विकसित करना, उनका मनोबल बढ़ाना और जीवन के प्रति नई उम्मीद जगाना है। संस्थान का प्रयास है कि उपचार के बाद मरीज स्वस्थ होकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ें।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान प्रभारी विनय पालीवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विजेंद्र सिंह शेखावत, चैन सिंह भाटी, गोविंद भाई, शोएब छीपा, भरत भाई, पप्पू भाई सहित संस्थान का स्टाफ उपस्थित रहा।
संदेश: किशोर कुमार के अमर गीतों ने एक बार फिर साबित किया कि संगीत केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि मन को सुकून देने और जीवन में सकारात्मकता जगाने का माध्यम भी है।



